सिरसा। तीन दिन पहले सिरसा में पहुंची 2500 मीट्रिक टन खाद का स्टॉक अब खत्म हो चुका है। लेकिन खाद लेने वाले किसानों की दुकानों के आगे कतार लगनी बंद नहीं हो पाई है। तीन दिनों से लगातार किसान लाइन में लगकर खाद लेने को मजबूर हैं। स्टॉक के अनुसार कभी किसानों को दो बैग तो कभी पांच बैग ही मिल पाते हैं। इसके बाद अगले दिन फिर से किसान कतार में खड़े होकर खाद लेने के लिए खड़े दिखाई देते हैं। अब सोमवार को डीएपी का रैक लगने की उम्मीद है। इसके बाद किसानों को अलग-अलग सात स्थानों पर खाद का वितरण किया जाएगा।
गेहूं की बिजाई शुरू होने के बाद डीएपी न मिलने के कारण किसानों में हाहाकार है। बीते बुधवार को सिरसा में 2500 मीट्रिक टन डीएपी खाद पहुंची थी। इसके बाद से केंद्रों पर किसानों की कतार लगना शुरू हो गई। तीन दिनों से लगातार डीएपी के लिए किसान कभी धरना देने को मजबूर हो रहे तो कभी रोड जाम करने को। ऐसे में पुलिस की निगरानी में डीएपी खाद का वितरण किया गया। लेकिन शनिवार को खाद का स्टॉक सभी दुकानों पर खत्म हो गया। इसके बाद कर्मचारियों ने किसानों को डीएपी के लिए टोकन वितरित कर दिए और खाद पहुंचने के बाद मोबाइल से सूचना देकर बुलाने की बात कही है। हालांकि शनिवार को इफको केंद्र पर देर शाम तक किसानों की कतार लगी रही। स्टॉक अनुसार किसी किसान को पांच बैग तो किसी किसान को दो डीएपी खाद के बैग वितरित किए हैं।
किसान बोले- जरूरत 10 बैगों की, मिल रहे दो या पांच
इफको केंद्र के बाहर डीएपी लेने के लिए लाइन में लगे किसान विकास, गुरदेव, मनीष, राजू, जगदीश ने बताया कि तीन दिनों से लगातार डीएपी खाद लेने के लिए पहुंच रहे हैं। इसके बाद उन्हें कभी दो बैग को कभी पांच बैग देकर वापस लौटा दिया जाता है। लेकिन किसी किसान को 20 बैग को किसी किसान को 10 डीएपी के बैग की आवश्यकता है। इसके कारण उन्हें कभी सुबह चार बजे तो कभी रात को 12 बजे तक लाइन में लगकर खाद लेने को मजबूर होना पड़ रहा है।
विभागानुसार 75 फीसदी किसानों को मिल चुकी खाद, नहीं हो रही छोटी लाइनें
कृषि विभाग अनुसार 75 फीसदी किसानों को डीएपी खाद मिल चुकी है। लेकिन दुकानों के बाहर लगी किसानों की लाइन देखे तो अभी तक किसानों की संख्या में कोई कमी नहीं आई है। सुबह से शाम तक किसान लाइन में लगकर खाद ले रहे हैं। शनिवार देर शाम तक भी किसान लाइन में लगकर डीएपी खाद लेते हुए दिखाई दिए। लेकिन केवल दो केंद्रों पर ही खाद का स्टॉक था। जिसके बाद शाम को वह भी खत्म हो गया। हालांकि विभाग अनुसार जिले में अभी 100 एमटी खाद स्टॉक पड़ा है।
जिले में अभी करीब 100 एमटी खाद का स्टॉक पड़ा है। नया रैक सोमवार तक लगने की उम्मीद है। जिसके बाद किसानों की समस्या का समाधान हो सकेगा। इसके लिए किसानों को स्टॉक अनुसार ही टोकन दिए जा रहे है। क्षमता अनुसार किसानों को डीएपी खाद वितरित की जा रही है।
-सुखदेव सिंह, क्वालिटी कंट्रोलर, कृषि विभाग सिरसा