अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा।
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय में विभिन्न मांगों को लेकर एंप्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन और आउटसोर्सिंग एंप्लाइज एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में प्रशासनिक भवन के सामने शनिवार को छुट्टी के दिन भी धरना जारी रहा। इस दौरान उच्च शिक्षा विभाग के निदेशक विजय सिंह दहिया के साथ वीसी और दोनों यूनियनों के पदाधिकारियों की पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस के बंद कमरे में चली करीब पांच घंटे की बैठक के बाद भी कोई सहमति नहीं बनी।
उच्च शिक्षा निदेशक के कहने पर कर्मचारियों ने दोनों कर्मचारियों का आमरण अनशन खत्म करवाने पर सहमति जताई और निदेशक के साथ जिला उपायुक्त ने प्रभजोत सिंह ने नागरिक अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में जाकर अनशनकारी देवीलाल और श्रवण कुमार को जूस पिलाकर उनका अनशन तुड़वाया। कर्मचारियों का कहा है कि धरना जारी रहेगा और आंदोलन को मजबूती के साथ लड़ा जाएगा।
शनिवार को एंप्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन और आउटसोर्सिंग एंप्लाइज एसोसिएशन का आंदोलन खत्म होने के आसार नजर आने लगे जब उच्च शिक्षा विभाग के निदेशक विजय सिंह दहिया ने पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में कुलपति विजय कायत, रजिस्ट्रार असीम मिगलानी के साथ बैठक शुरू की। बाद में उपायुक्त प्रभजोत सिंह और कर्मचारी यूनियनों के पदाधिकारियों को बैठक में बुलाया गया। इसके बाद बंद कमरे में करीब पांच घंटे तक बैठक चली। बैठक में एंप्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान बजरंग लाल और आउटसोर्सिंग एंप्लाइज एसोसिएशन प्रधान मांगे राम के साथ पूर्व प्रधान महेंद्र सिंह, महासचिव कुलदीप सिंह ने भाग लिया। इस दौरान कर्मचारियों ने कमरे से बाहर आकर अपनी मांगें लिखकर टीम के सामने दीं, लेकिन बाद में कोई सहमति नहीं बनी। यूनियन के प्रधान बजरंग लाल और महासचिव कुलदीप सिंह ने बताया कि बैठक में वीसी ने किसी भी मांग को पूरा करने की हामी नहीं भरी। वीसी के साथ बातचीत सिरे नहीं चढ़ी, लेकिन उच्च शिक्षा निदेशक के कहने पर दोनों अनशनकारियों का अनशन खत्म कराने की बात मानी गई है लेकिन हड़ताल और धराना जारी रहेगा। इनका कहना है कि उप कुलपति के अड़ियल रवैये के कारण विश्वविद्यालय के गैर शिक्षक कर्मी ने संघर्षरत हैं। इनका कहना है कि अब आंदोलन को पूरी मजबूती के साथ लड़ा जाएगा।
नागरिक अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में दाखिल आमरण अनशनकारी श्रवण कुमार और देवीलाल का अनशन खत्म करवाने के लिए रेस्ट हाउस से उच्च शिक्षा निदेशक विजय सिंह दहिया, उनके साथ आए अधिकारी अरूण कुमार जोशी व जिला उपायुक्त प्रभजोत सिंह के साथ कर्मचारी यूनियनों के पदाधिकारियों ने ट्रॉमा सेंटर में जाकर दोनों अनशनकारियों को जूस पिलाकर उनका अनशन तुड़वाया, लेकिन इस दौरान उनके साथ वीसी विजय कायत अस्पताल नहीं गए। अनशनकारियों ने उच्च शिक्षा निदेशक के मान सम्मान को रखते हुए अनशन तो खत्म कर दिया लेकिन आंदोलन जारी रखने का फैसला किया है।