सिरसा। आरोपियों के साथ पुलिस। पुलिस
सिरसा। थाना सिविल लाइन सिरसा पुलिस ने फर्जी ठेकेदार बनकर बीएसएनएल की तांबे की केबल चोरी करने वाले गिरोह के 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी उत्तरप्रदेश व बिहार के रहने वाले हैं, लेकिन किराये पर विष्णु गार्डन खयाला विलेज पश्चिमी दिल्ली में रहते थे।
दिल्ली के आसपास रहने के कारण आपस में सभी का संपर्क था। इसलिए सभी साथ मिलकर इस पूरे घटनाक्रम को अंजाम दे रहे थे। सिविल लाइन थाना प्रबंधक निरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि बीएसएनएल के जेटीओ संदीप कुमार ने पुलिस को शिकायत दी थी कि बरनाला रोड सिरसा पर कुछ लोग विभाग का ठेका लेने का झांसा देकर भूमिगत केबल काटकर चोरी कर रहे हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपीगण रिफ्लेक्टर जैकेट व ट्रैफिक साइन लगाकर ठेकेदारों की तरह कार्रवाई कर रहे थे। हाइड्रा क्रेन की मदद से तांबे की केबल चोरी कर रहे थे।
आरोपियों में ये हैं शामिल
पुलिस ने मनिहार गोठ थाना टनकपुर जिला चंपावत उत्तराखंड निवासी इशाक खान, मोहम्मद राशिद व मोहम्मद खालिद को काबू किया है। खयाला तिलक नगर पश्चिमी दिल्ली निवासी हसन खान, वरनावा तहसील देवरिया झाला थाना काठ जिला शाहजहांपुर उत्तर प्रदेश निवासी अफसर अली, दौलतपुर चकई अमृतपुर थाना राजेपुर फर्रुखाबाद उत्तर प्रदेश निवासी मोहम्मद सारिक खान, मोहम्मद शाखी नगर थाना पुवाया शाहजहांपुर उत्तर प्रदेश निवासी समीर खान, विष्णु गार्डन थाना तिलक नगर वेस्ट दिल्ली निवासी अविशेक, अमित कुमार, भीम सिंह व आबिद अंसारी, चंदीपुर नगहरा, फैजाबाद निवासी विपिन, रोररिया फरसाडागी जिला अररिया बिहार निवासी अयास व गोपालनगर जिला अरेरिया बिहार निवासी मुख्तार आलम को पुलिस ने काबू किया है।
400 मीटर केबल की बरामद
सिविल लाइन सिरसा निरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर चोरी में प्रयुक्त उपकरण (गैती, रॉड, रिफ्लेक्टर जैकेट, ट्रैफिक कोन) व लगभग 400 मीटर अंडरग्राउंड केबल भी बरामद की गई। दो आरोपियों इशाक व हसन को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। अन्य 12 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।