डबवाली। एक टांग पर खड़े होकर किसान प्रदर्शन करते हुए। संवाद
डबवाली। उपमंडल के गांव चौटाला के किसानों का नहर के अंतिम छोर पर धरना चौथे दिन भी लगातार जारी है। किसानों का कहना है कि वर्षों से नहर का टेल क्षेत्रों में पानी नहीं पहुंच पा रहा, जिससे उन्हें भारी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। अपनी मांगों के लिए बड़ी संख्या में किसान धरना स्थल बैठे हैं। इसी कड़ी में रविवार को किसानों ने एक पैर पर खड़े होकर प्रशासन को नींद से जगाने का प्रयास किया।
इस मामले में अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। धरने में बैठे किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि अधीक्षण अभियंता और कार्यकारी अभियंता सोमवार दोपहर 12 बजे तक धरना स्थल पर नहीं पहुंचकर किसानों से वार्तालाप नहीं करते हैं तो हाईवे जाम करने की दिशा में कदम उठाया जाएगा।
दअरसल, चोटाला क्षेत्र आसपास के गांवों आसाखेड़ा और तेजाखेड़ा आदि के किसान भी धरने पर डटे हुए हैं। किसान लंबे समय से सिंचाई पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। उनका आरोप है कि प्रशासन बार-बार आश्वासन देता है, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई कार्य नहीं किया जाता। किसानों की प्रमुख मांग है कि प्रशासन धरना स्थल पर पहुंचे, किसानों से संवाद करे और उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान करें, ताकि खेती-किसानी सामान्य रूप से चल सके। इस मौके पर दयाराम उलाणिया, हरीश खिचड़ी, अश्वनी सहारण, भंवरलाल सेठ, ओंकारमल गोयल, ओमप्रकाश, लीलाधर, कपूर सिंह, अनिल जाखड़ आदि किसान मौजूद रहे ।