सांसद डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि चंडीगढ़ की तर्ज पर अब हरियाणा के जिला सिरसा को भी जल्द ही स्लम फ्री सिटी बनाया जाएगा।
इसके लिए राजीव आवास योजना के तहत 95 करोड़ की लागत से करीब 2144 मकान बनाकर स्लम एरिया में रहने वाले लोगों को मुहैया करवाए जाएंगे।
सांसद डॉ. अशोक तंवर ने मंगलवार को अपने आवास पर जन समस्याएं सुनते हुए कहा कि राजीव आवास योजना के तहत चंडीगढ़, रोहतक और सिरसा का चयन किया गया है।
अब शीघ्र ही सिरसा में भी इस योजना पर काम शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अब रेहड़ी और खोमचे वालों के लिए पथ विक्रेता बिल पास किया गया है।
इससे वे गरीब परिवार जो शहर में सड़क किनारे या फुटपाथ पर आजीविका चलाने के लिए रेहड़ी व खोमचे लगाते थे, उनके जीवन स्तर में सुधार आएगा।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर दो पर खैरपुर में नगर परिषद के नए भवन के निर्माण को लेकर प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।
इस भवन के निर्माण पर दो करोड़ 88 लाख रुपये की अनुमानित राशि खर्च होगी। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही शहर में रोड़ी गेट स्थित पुराना नगर परिषद कार्यालय की जगह ट्रेड टॉवर का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है।
इसके लिए पूरी योजना सरकार के पास तकनीकी स्वीकृति के लिए भेजी जा चुकी है। इस अवसर पर जिला कांग्रेस प्रधान मलकीत सिंह खोसा, होशियारी लाल शर्मा, भूपेश मेहता, ओमप्रकाश केहरवाला, सुरजीत भावदीन, आनंद बियाणी, तिलकराज चंदेल, अमित सोनी आदि मौजूद थे।