बावल औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर-5 स्थित जीएलएस कंपनी में मंगलवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने के कुछ ही देर बाद कंपनी के अंदर लगातार तेज धमाके होने लगे, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास की फैक्ट्रियों में काम कर रहे कर्मचारी डरकर बाहर निकल आए।
बताया जा रहा है कि कंपनी में केमिकल से जुड़े उत्पाद बनाए जाते हैं। आग तेजी से फैलती चली गई और कुछ ही समय में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी घबरा गए।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गई हैं और आग बुझाने का प्रयास जारी है। पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं और हालात पर नजर रखी जा रही है। हादसे में कई कर्मचारियों के झुलसने की भी सूचना है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हालांकि अभी तक घायलों की सही संख्या सामने नहीं आई है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। वहीं कंपनी को इस हादसे में भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।