हरियाणा के जिला सिरसा के कीर्तिनगर निवासी 17 वर्षीय किशोर विपुल की मौत के मामले में पिता ने सामान्य अस्पताल के डॉक्टरों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
परिजनों ने मंगलवार को इलाका पार्षद के नेतृत्व में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर सामान्य और एक निजी अस्पताल के डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की मांग की है। एसएसपी ने परिजनों को मामले में न्याय का आश्वासन दिया है।
एसएसपी को सौंपे ज्ञापन में मृतक विपुल के पिता रघुनाथ निवासी गली डीएसपी वाली कीर्तिनगर ने बताया कि 16 नवंबर की शाम उनके बेटे ने बुखार की शिकायत की। इस पर उसे सामान्य अस्पताल में चिकित्सक को दिखाया गया।
डॉक्टर ने विपुल को दाखिल कर लिया। इसके बाद विपुल की तबीयत ज्यादा खराब हो गई। डॉक्टर को विपुल की सेहत बिगड़नेे के बारे में जानकारी दी गई। उस समय डॉक्टर पार्किंग में अपने साथियों के साथ शराब पी रहे थे।
काफी मिन्नतें करने के बाद वे मरीज के पास आए। कुछ समय बाद उन्होंने एक अन्य चिकित्सक को बुलाया और उन्हें विपुल को किसी अन्य अस्पताल में ले जाने के लिए कह दिया।
रघुनाथ के मुताबिक विपुल को डबवाली रोड स्थित निजी अस्पताल में ले जाया गया। रातभर वहां पर भी इलाज शुरू नहीं हो सका। अगली सुबह सात बजे उसने दम तोड़ दिया।
रघुनाथ ने आरोप लगाया कि समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण ही उनके बेटे की जान चली गई। उन्होंने दोनों चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
वार्ड पार्षद अंग्रेज बठला, कृष्ण कुमार, रोहित, हनी, सोनू, रवि प्रकाश, ओमप्रकाश, संता, कपिल, मंगत, राजीव, विजय, नरेश, सुनीता, संतोष, वीना, आशा, ऊषा, भूमि, बिमला, शशि बाला, शकुंतला, शोभारानी, सीमा रानी, प्रवीण, कांता ने एसएसपी से इलाज में लापरवाही करने वाले चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।