गांव खारियां में सोमवार रात एक युवक ने कार ठीक करवाने के बहाने अपने मैकेनिक दोस्त कश्मीर चंद निवासी फतेहाबाद को बुलाया और उसकी गोली मारकर हत्या कर दी।
मौके पर पहुंचे परिजनों ने कहा कि जब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता तब तक वे पोस्टमार्टम के लिए शव को नहीं उठाने देंगे पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आश्वासन देने पर परिजन मान गए। पुलिस ने मृतक के पिता के बयान पर आरोपी बिजली निगम में जेई सुनील माचरा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
गांव खारियां में सोमवार रात ग्रामीणों ने गली में खड़ी मारुति वैगनार में एक व्यक्ति को खून से लथपथ पड़े देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया तो देखा चालक सीट के साथ दूसरी सीट पर एक युवक पड़ा था और उसके शरीर से खून बह रहा था। उसके गले पर दो गोलियां लगी हुई थी।
पुलिस ने मौके से एक देसी पिस्तौल दो खोल और एक कारतूस, शराब की बोतल, सिगरेट के पैकेट, नमकीन और पानी की बोतल आदि बरामद की। सूचना मिलते ही एसएसपी सौरभ सिंह और एएसपी राजेंद्र मीणा मौके पर पहुंचे। मृतक की पहचान कश्मीर चंद (30) उर्फ दारा पुत्र शामचंद निवासी गांव नूरकी अली फतेहाबाद के रूप में हुई।
पुलिस ने उसके परिजनों को सूचित किया। मृतक के परिजनों ने मौके पर पहुंचकर उसकी शिनाख्त की। जिस कार में कश्मीर का शव पड़ा था, वह कार उसके दोस्त सुनील माचरा की थी। सीन आफ क्राइम एक्सपर्ट टीम ने मौके पर सबूत जुटाए।
मृतक के पिता शामचंद ने बताया कि उसका बेटा कश्मीर चंद कार मैकेनिक था और खेती के कामों में भी उसका हाथ बंटाता था। सोमवार शाम साढ़े छह बजे उसका फोन आया कि वह बिजली निगम में जेई दोस्त सुनील माचरा के साथ उसकी कार ठीक करने जा रहा है और देर रात तक लौटेगा। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि सुनील ने ही कश्मीर की हत्या की है। गांव खारियां में जहां पर कार मिली है वहां सुनील के मामा का घर है।
शामचंद ने बताया कि कश्मीर की शादी पांच साल पहले भूना में हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। कश्मीर और सुनील के बीच काफी घनिष्ठता थी। मृतकों के परिजनों ने बताया कि सुनील की मां का कुछ दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में निधन हो गया था। ऐसे में उन्हें अंदेशा था कि इस मामले में कश्मीर को कुछ जानकारी थी, वह मुंह न खोल दे इसलिए उसे रास्ते से हटाने के लिए मारा गया हो।
परिजनों ने कहा कि जब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता तब तक वे पोस्टमार्टम के लिए शव को नहीं उठाने देंगे पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ सिंह ने उन्हें समझाया कि आरोपी के खिलाफ हत्या व आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस आश्वासन पर ग्रामीण राजी हो गए और शव को पोस्टर्माटम के लिए सिरसा के सामान्य अस्पताल ले जाया गया।