हरियाणा के रेवाड़ी स्थित गांव रोलियावास की महिला सरपंच और तीन वाहन चालकों के खिलाफ पंचायती जमीन से मिट्टी खुदवाने के आरोप में रामपुरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई बीडीपीओ अरुण कुमार की शिकायत पर की गई।
रोलियावास में सरपंच की ओर से पंचायती जमीन से लाखों की मिट्टी उठवाकर ईंट भट्ठों पर बेचने की शिकायत मिलने पर खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी ने मौके का मुआयना किया।
शिकायत के मुताबिक रोलियावास में पिछले पांच दिनों से पंचायती जमीन पर से मिट्टी उठाने का खेल चल रहा था। सोमवार की शाम बीडीपीओ अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर चार ट्रैक्टर और एक जेसीबी मशीन से पंचायती जमीन पर मिट्टी की खुदाई चल रही थी।
जांच में खुलासा हुआ कि ट्रैक्टर चालक मिट्टी उठाकर ईंट भट्ठों पर ले जा रहे थे। बीडीपीओ ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गांव की महिला सरपंच के इशारे पर ही मिट्टी उठान का खेल चल रहा था।
बीडीपीओ अरुण कुमार ने रामपुरा थाना पुलिस को शिकायत देकर रोलियावास की महिला सरपंच, मिट्टी उठान मेें लगे तीन ट्रैक्टर और एक जेसीबी मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।