रोहतक। पुलिस थाने में वकील व पुलिस कर्मियों के बीच मारपीट के विरोध में सोमवार को भी जिला अदालत में वर्क सस्पेंड रखेगा। क्योंकि जांच को लेकर वकील असंतुष्ट हैं। रविवार को एएसपी से मुलाकात के बाद वकीलों ने सोमवार को भी अदालत में कामकाज स्थगित करने का निर्णय लिया। बार के चुनाव अधिकारी अनिल बुधवार ने यह जानकारी दी।
बुधवार ने बताया कि 9 दिसंबर की रात को बार के वकील राजसिंह बुधवार के साथ शिवाजी कॉलोनी थाने में अभद्र व्यवहार हुआ। 10 दिसंबर को वकीलों ने एएसपी व एसपी से मुलाकात की थी। एसपी ने दो दिन का समय मांगा था। रविवार को अदालत की छुट्टी रही। जांच रिपोर्ट की स्थिति जानने के लिए वकीलों का एक प्रतिनिधिमंडल रविवार दोपहर करीब तीन बजे एएसपी कृष्ण लोहचब से मिला। एएसपी से मिलने वालों में पूर्व प्रधान उमेश भारद्वाज, राजसिंह बुधवार सीनियर, एडवोकेट बंटी व एडवोकेट वीरेंद्र अहलावत शामिल रहे। चुनाव अधिकारी ने बताया कि वकीलों ने मांग की थी कि जिन पुलिस कर्मियों ने वकील के साथ अभद्र व्यवहार किया है, उनको सस्पेंड कर मामला दर्ज किया जाए। जबकि पुलिस ने अभी तक केस दर्ज कर विभागीय जांच का भरोसा दिया है। इससे वकील संतुष्ट नहीं हैं। एएसपी से मुलाकात के बाद वकील लौट आए और तय किया कि सोमवार को वर्क सस्पेंड रखा जाए। आगे क्या रणनीति अपनाई जाए, इसके लिए सोमवार को हाउस की बैठक होगी, जिसमें अहम निर्णय लिए जाएंगे।
वर्जन
पुलिस की अब तक की जांच से वकील संतुष्ट नहीं हैं। ऐसे में सोमवार को भी अदालत में वर्क सस्पेंड रखने का निर्णय लिया है। इसके लिए वकीलों को संदेश भेज दिया है। साथ ही हाउस निर्णय लेगा, आगे क्या कदम उठाए जाएं।
- अनिल बुधवार, चुनाव अधिकारी जिला बार
वकीलों का प्रतिनिधिमंडल उनसे मिला था। वकीलों को पुलिस की अब तक की जांच से अवगत करवा दिया है। वकील अब सोमवार को बैठकर करके अपने निर्णय से अवगत करवाएंगे।
- कृष्ण कुमार, एएसपी