रोहतक। शहर की रामगोपाल कॉलोनी से एक 35 वर्षीय महिला घर छोड़कर चली गई है। उसने स्कूटी की डिक्की में अपने पति को संबोधित करते हुए सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें लिखा है कि उसके मरने के लिए कोई जिम्मेदार नहीं है। बच्चों का ख्याल रखना। बेटी की शिकायत पर अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज किया, लेकिन महिला का दो दिन बाद भी कोई सुराग नहीं है।
पुलिस के मुताबिक रामगोपाल कॉलोनी की एक युवती ने दी शिकायत में बताया कि 19 अगस्त को दोपहर 2 बजे उसकी मां घर से कहीं चली गई। काफी देर तक वापस नहीं आई तो चिंता हुई। जांच पड़ताल के बाद पता चला जिस स्कूूटी पर उसकी मां गई थी, वह पावर हाउस चौक पर खड़ी है। स्कूटी की डिक्की में एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें लिखा था कि उसके मरने के लिए कोई जिम्मेदार नहीं है। पत्र देखकर परिजनों की चिंता बढ़ गई। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जांच पड़ताल कर बेटी की शिकायत पर गुमशुदगी का मामला दर्ज किया है। वहीं इस मामले में अर्बन एस्टेट थाना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रलाहद सिंह ने बताया कि महिला का कोई सुराग नहीं लगा है। सुसाइड नोट कब्जे में ले लिया है। संभावित जगह तलाश की जा रही है।