रोहतक। शहर में ठगी की वारदात नहीं थम रही हैं। लगातार दूसरे दिन ऑनलाइन ठगी की तीन वारदात अंजाम दी गई। इसमें पीजीआई के एक अधिकारी की बहन के खाते से 84 हजार रुपये निकल लिए गए, जबकि सुनारिया कलां के युवक से लोन देने के नाम पर ठगी हुई है, जबकि सैमाण गांव के युवक का एटीएम कार्ड बदलकर साढ़े 39 हजार रुपये निकाल लिए गए। इससे पहले शनिवार को ऑनलाइन ठगी के चार मामले सामने आए थे।
पहले परिचित बनकर 50 हजार निकाले, फिर वापस देने के नाम पर 34 हजार की ठगी
पुलिस के मुताबिक पीजीआई में कार्यरत संदीप ने दी शिकायत में बताया कि उसकी बहन विजय नगर गई हुई थी। उसके पास फोन आया। फोन करने वाले युवक ने कहा कि पहले वह उसके खाते में एक रुपये भेज रहा है। इसके बाद 25 हजार रुपये भेजेगा। इस तरह दो बार में युवक ने खाते से 50 हजार रुपये निकाल लिए। जब उसकी बहन सुदेश ने कहा कि आपने तो पैसे निकाल लिए हैं। तब युवक ने कहा कि गलती से निकल गए, अभी पैसे वापस आ जाएंगे। इसके बाद फोन व अकाउंट नंबर मांगा। इसके बाद 34 हजार रुपये और निकाल लिए। इस संबंध में शिवाजी कॉलोनी थाने में केस दर्ज किया गया है।
15 लाख का लोन देने के नाम पर ठगा
पुलिस के मुताबिक सुनारिया कलां निवासी सोमबीर ने दी शिकायत में बताया कि उसके पास 7 दिसंबर को एक फाइनेंस कंपनी के नाम से कॉल आई। कॉल करने वाले युवक ने कहा कि आपको लोन चाहिए। बात करने पर 16 दिसंबर को दोबारा कॉल करके 15 लाख तक का लोन देने की बात कही। इसके लिए उससे एक फोटो, ई-मेल आईडी, बैंक पास बुक, आधार कार्ड, पैन कार्ड व फाइल चार्ज के नाम पर 2250 रुपये गूगल पे से लिए। फिर इंश्योरेंस के नाम पर दो बार में 4500-4500 रुपये मंगवा लिए। इसके बाद दो बार में 6581-6581, फिर 4999 व 2999 रुपये और मंगवा लिए। जब उससे और पैसे मांगे गए तो उसे शक हुआ। उसने कहा कि उसे लोन नहीं लेना, उसके भेजे गए पैसे वापस लौटाने के लिए कहा, लेकिन पैसे नहीं दिए गए।
एटीएम कार्ड बदलकर साढ़े 39 हजार निकाले
वहीं, सैमाण गांव निवासी बलबीर सिंह ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दी है। आरोप है कि वह रविवार को निजी कार्य से शीला बाईपास चौक पर गया था। वहां पर एटीएम बूथ के अंदर पैसे निकालने लगा। एक 35 वर्षीय युवक ने उसकी मदद करने के नाम पर एटीएम कार्ड बदल लिया। साथ ही उसके 500 रुपये निकाल कर दे दिए। थोड़ी देर में उसके मोबाइल में चार मैसेज आए। इसमें एक बार में 9500 और तीन बार में 10-10 हजार रुपये निकाले गए।