रोहतक। बेरी रोड पर जिले के गांव कबूलपुर के नजदीक अज्ञात वाहन ने दो लोगों को टक्कर मार दी। दोनों की मौके पर मौजूद हो गई, जो बहादुरगढ़ के नजदीकी गांव भापड़ौदा के रहने वाले हैं। शिवाजी कॉलोनी थाने में वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से ड्राइविंग का केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक झज्जर जिले के गांव भापड़ौदा निवासी साहब सिंह ने दी शिकायत में बताया कि उसके पिता धर्मबीर खेतीबाड़ी का कार्य करते थे। जबकि गांव के युवक सुरेंद्र मशीन पर गन्ने का रस निकाल कर बेचने का कार्य करता था। वीरवार को उसका पिता सुरेंद्र के साथ गांव से रेहड़ी पर आया था। बोल रहे थे कि वे रोहतक जा रहे हैं। शुक्रवार सुबह किसी राहगीर ने सूचना दी कि रोहतक-बेरी रोड पर कबूलपुर गांव के पास सड़क हादसा हो गया है। जब उसने फोन अपने पिता के नंबर पर किया तो उसी व्यक्ति ने उठाया। वह और सुरेंद्र के चाचा का लड़का अमित रोहतक पहुंचे, लेकिन उस समय सुरेंद्र व उसके पिता धर्मबीर की मौत हो चुकी थी। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। शिवाजी कालोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से ड्राइविंग करने का केस दर्ज किया गया।