जिले में कोरोना के दो सक्रिय मरीज हैं। दोनों मरीज घरों पर एकांतवास में उपचाराधीन हैं। शुक्रवार को जिले में कोरोना का कोई नया मरीज नहीं मिला है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की ओर से डेंगू के छह नए मरीजों की पुष्टि की गई है।
सिविल सर्जन डॉ. जेएस पुनिया ने बताया कि जिले में शुक्रवार को कोरोना का कोई नया मरीज नहीं मिला है। दो मरीज हैं वह ठीक हैं और अपने घरों पर हैं। जिले में अभी तक कोरोना के 25914 मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। वहीं, अधिकारी ने बताया कि उप सिविल सर्जन मलेरिया डॉ. अनुपमा मित्तल के निर्देशन में नोडल अधिकारी डॉ. कपिल गुप्ता ने सीएचसी कलानौर का दौरा किया और वहां पर चल रहे डेंगू, मलेरिया के कार्य को देखा। वहीं अर्बन क्षेत्र में आर्य नगर में स्पेशल प्रोग्राम करते हुए पूरे आर्यनगर मे एंटी लार्वा गतिविधि चलाई गई। इस दौरान 2564 घरों को चेक किए गए, इसमें 22 घरों में लार्वा पाया गया। सभी को स्वास्थ्य विभाग द्वारा नोटिस जारी कर दिया गया है। इसी प्रकार जिले के अन्य क्षेत्रों में भी टीम द्वारा विशेष कार्यक्रम चलाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। गौरतलब है कि कलानौर में एक, नया बांस में एक, प्रवेश नगर में एक, जसबीर कॉलोनी में एक व आर्यनगर में भी एक डेंगू का केस मिला है। अभी तक जिले में 437 डेंगू के केस दर्ज किए जा चुके हैं।