रोहतक। तेज रफ्तार आम आदमी की जिंदगी पर भारी पड़ रही है। एक दिन में तीन जगह हुए सड़क हादसों में एक पुलिसकर्मी व दो महिलाओं की जान चली गई। मरने वालों में एक झज्जर पुलिस के एसपीओ भी शामिल हैं। कलानौर, सिविल लाइन व सांपला पुलिस कार्रवाई कर रही हैं।
बेरी रोड पर पिकअप की टक्कर में पुलिसकर्मी की गई जान
कलानौर बेरी मार्ग पर गढ़ी गांव की ढाणी के नजदीक ड्यूटी पर जा रहे एक पुलिसकर्मी को पिकअप ने शुक्रवार सुबह टक्कर मार दी, जिसकी मौके पर मौत हो गई। इस संबंध में कलानौर थाने में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक गांव लाहली निवासी सीताराम बेरी थाने में एसपीओ के पद पद कार्यरत थे। सुबह बाइक पर ड्यूटी जा रहे थे। जब वह कलानौर-बेरी मार्ग पर ढाणी के नजदीक पहुंचे तो एक पिकअप जिसमें कृषि का सामान भरा हुआ था ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे पुलिसकर्मी की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि मृतक पुलिसकर्मी सीआरपीएफ में अपनी सेवाएं पूरी करके पुलिस में बतौर एसपीओ भर्ती हुए थे। जो बहादुरगढ़ थाने में तैनात थे पिछले सप्ताह ही बेरी थाने में तबादला हुआ था। उसी समय यह हादसा हुआ। मृतक के परिवार में एक लड़का व एक लड़की है। दोनों अभी पढ़ाई कर रहे हैं।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पिकअप को कब्जे में लेकर ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। - इंस्पेक्टर रमेश कुमार, थाना प्रभारी कलानौर
............
सुखपुरा चौक पर मंदिर जा रही बुजुर्ग महिला को बस ने मारी टक्कर, मौत
शहर के आजादगढ़ से मंदिर जा रही एक बुजुर्ग महिला बीरमति (72) को पंजाब ट्रांसपोर्ट की बस ने टक्कर मार दी। टक्कर में बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे पीजीआई ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक आजादगढ़ निवासी कविंद्र ने दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार सुबह 7 बजकर 10 मिनट पर वह अपने पड़ोसी राजीव मलिक के साथ सड़क किनारे खड़ा होकर बात कर रहा था। तभी बस स्टैंड की तरफ से आई पंजाब ट्रांसपोर्ट की बस ने एक महिला को टक्कर मार दी। वह भागकर महिला के पास पहुंचा तो देखा घायल महिला उसकी मां बीरमति थी। बस चालक मौके से फरार हो गया। उसने मां को पीजीआई में दाखिल करवाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना पाकर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बस चालक के खिलाफ लापरवाही से ड्राइविंग का मामला दर्ज कर लिया।
सड़क हादसे में महिला की मौत, दो घायल
सांपला। नेशनल हाईवे नंबर नौ पर सांपला-इस्माइला के बीच एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी। जिसमें बाइक पर सवार एक महिला की मौत व दो घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई डेड हाउस में रखवा दिया है।
पुलिस ने कार चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम पौने पांच बजे के करीब बाइक सवार व कार चालक रोहतक से दिल्ली की ओर जा रहे थे। सांपला-इस्माइला के बीच तेज गति से आ रही कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बाइक से टकरा कर हाईवे पर पलट गई। जिसमें बाइक पर सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चालक व एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। थाना प्रभारी राकेश सैनी ने मौके पर पहुंच कर शव व घायलों को तुरंत पीजीआई रोहतक में दाखिल कराया। घटना के बाद कार चालक गायब थे। उनका सुराग नहीं लग पाया। बाइक व कार को सड़क से उठवाकर रास्ता साफ किया गया। पुलिस कानूनी कार्रवाई कर रही है। पुलिस कार नंबर व उसमें मिले कागजों के आधार पर सुराग लगा रही है।