रोहतक। हिसार रोड के दुकानदारों व नगर निगम अफसरों के बीच हुई मौखिक सहमति धरातल पर नहीं आ सकी है। इससे दुकानों की दो फुट अतिरिक्त ऊंचाई बढ़ाने के खर्च पर विवाद की आशंका है। दुकानदार अधिकतम दस हजार रुपये देने को तैयार हैं। वहीं निगम 40-50 हजार रुपये का एस्टीमेट बता रहा है। मेयर ने शुक्रवार को दुकानदारों व निगम अफसरों के साथ बैठक तय की मगर नहीं हो सकी। अब सोमवार को निगमायुक्त के मौजूदगी में अतिरिक्त खर्च के भुगतान का निर्धारण होगा।
हिसार रोड पर जाम की समस्या के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने तीन मई 2018 में हिसार रोड के चौड़ीकरण की घोषणा की थी। चौड़ीकरण की जद में आने वाली हिसार रोड की 73 और पुरानी सब्जी मंडी की 108 दुकानें चिह्नित हुई हैं। इन दुकानों को नगर निगम प्रशासन नजदीक में हुडा से खरीदी जमीन पर शिफ्ट कराएंगे। खरीदी गई जमीन पर शिफ्टिंग के लिए दुकानें बनना शुरू हो गया है। मुख्यालय से स्वीकृत नक्शा के अनुसार दुकानों का लेंटर 10 फुट की ऊंचाई पर डाला जाना हैं, इसके लिए दुकानदार तैयार नहीं हैं। विगत दिनों हिसार रोड ट्रेडर्स एसोसिएशन के प्रधान श्यामलाल सचदेवा ने संयुक्त आयुक्त को ज्ञापन देकर लेंटर 12 फुट की ऊंचाई पर डालने और दो फुट ऊंचाई बढ़ाने पर होने वाला खर्च देने की मांग की। जिस पर अधिकारियों ने मौखिक स्वीकृति दी।
वहीं, दूसरी तरफ दुकानदार और निगम प्रशासन दो फुट ऊंचाई बढ़ाने पर होने वाले खर्चा की गणना की। दुकानदारों का कहना है कि दो फुट ऊंचाई बढ़ाने पर अधिकतम दस हजार रुपये का खर्च आएगा, इसके अलावा नहीं देंगे। वहीं, निगम प्रशासन के एस्टीमेट के अनुसार 40-50 हजार रुपये का अतिरिक्त खर्च आ रहा है। निगम का कहना है कि न सिर्फ दो फुट अतिरिक्त दीवार बनेगी बल्कि पिलर के अलावा शटर आदि का भी खर्च होगा।
वर्जन-
दो फुट ऊंचाई बढ़ाने का खर्च दस हजार से ज्यादा नहीं है, जो दुकानदार देने के लिए तैयार हैं। मेयर के साथ शुक्रवार को होने वाली बैठक नहीं हो सकी है। अब सोमवार को मेयर और निगम आयुक्त की मौजूदगी में फैसला होगा।
- किशनलाल भाटिया, महासचिव हिसार रोड ट्रेडर्स एसोसिएशन
दुकानों की ऊंचाई दो फुट बढ़ाने का एस्टीमेट 40-50 हजार रुपये है। इसमें दीवार के अलावा पिलर और शटर का खर्च शामिल है। खर्च के बाबत दुकानदारों को जल्द बताया जाएगा ताकि वह जल्द से जल्द भुगतान जमा कर दें।
- योगराज छिकारा, अधिशासी अभियंता नगर निगम