महम। बहलबा निवासी फसल व्यापारी द्वारा किसानों के साथ करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले की जांच करते हुए इसमें शामिल तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों को अदालत में पेश किया गया है। यह जानकारी थाना महम प्रभारी निरीक्षक प्रह्लाद सिंह ने दी।
महम थाना प्रभारी ने बताया कि गांव बहलबा निवासी मनोज की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मनोज खेतीबाड़ी का काम करता है। गांव निवासी सुरेश शर्मा गांव में करीब 20 सालों से फसल के व्यापार का काम करता था। गांव के किसानों के साथ सुरेश का काफी लेनदेन था। आठ जून को फसल व्यापारी सुरेश अचानक पूरे परिवार सहित गांव छोड़कर चला गया। ग्रामीणों को सुबह के समय सुरेश के घर पर ताला लगा हुआ मिला। व्यापारी सुरेश की मनोज व अन्य गांव के किसानों व व्यापारियों के साथ करोड़ों रुपये की देनदारी है। जांच के बाद पुलिस टीम ने छापेमारी करते हुए आरोपी कृष्ण, सचिन व विकास निवासी गांव बहलबा को गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया कि तीनों आरोपियों ने व्यापारी सुरेश कुमार से मिलीभगत करके सुरेश व उसके परिवार के नाम की जमीन को अपने व अपने जानकारों के नाम बिना पैसे दिए ही रजिस्ट्री करवा ली। आरोपियों ने सुरेश के फरार होने से कुछ दिन पहले ही सुरेश की जमीन की रजिस्ट्री अपने नाम करवाई है।