रोहतक। पुलिस ने फतेहपुरी कॉलोनी में छापा मारकर सोनीपत के गांव रुखी के युवक को काबू किया है, जो गोहाना से रोहतक एक किलो 400 ग्राम चरस सप्लाई करने आया था। नशीले पदार्थ की कीमत सवा लाख के करीब आंकी गई है। इस संबंध में पुरानी सब्जी मंडी थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
अपराध जांच शाखा द्वितीय प्रभारी एसआई अनेश कुमार ने बताया कि गश्त के दौरान सूचना मिली कि सोनीपत के गांव रुखी निवासी सोमबीर नशीला पदार्थ बेचने का कार्य करता है। गोहाना से रोहतक सफेद रंग की गाड़ी में चरस लेकर आ रहा है। पुलिस ने शुक्रवार देर रात चमारिया रोड पर छापा मारकर आरोपी को काबू किया। इसके बाद ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान गाड़ी के अंदर ड्राइवर सीट के नीचे पॉलीथिन में एक किलो 400 ग्राम चरस बरामद हुई।
हिमाचल से आया था माल, पुलिस को सप्लायर की तलाश
पूछताछ में पता चला है कि आरोपी सोमबीर के पास हिमाचल प्रदेश से माल आया था। इसके बाद सोमबीर माल रोहतक में सप्लाई करने आया था। इससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया। अब पुलिस उस शख्स की तलाश कर रही है, जो हिमाचल प्रदेश से माल लेकर आया था।