शहर की एकता कॉलोनी में सोमवार की शाम मिले शव का बुधवार को डॉक्टरों के तीन सदस्यीय बोर्ड ने पोस्टमार्टम किया। युवक की हत्या बेरहमी से की गई थी। पहले उसका धारदार हथियार से सिर फोड़ा गया। इसके बाद तार से गला घोंटकर सांसें रोक दी गईं, लेकिन शव की शनाख्त न होने के कारण जांच आगे नहीं बढ़ पा रही है।
जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर सुरेश आंतिल ने बताया कि शव की शनाख्त न होने के कारण जांच आगे नहीं बढ़ रही है। अभी शव डेड हाउस में रखा हुआ है। शनाख्त न होने पर शुक्रवार को शव निगम को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया जाएगा।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार को राजस्थान के भरतपुर जिले के गिरसे गांव निवासी प्रीतम सिंह ने शिकायत दी थी कि वह एकता कॉलोनी में किराये का कमरा लेकर रहता है। साथ ही निजी कंपनी में सुपरवाइजर की नौकरी करता है। कंपनी ने रोहतक शहर में गलियों के अंदर सीवर लाइन डालने का ठेका ले रखा है। पिछले दिनों सीवर लाइन डाली थी, जो अभी चालू नहीं हुई है। सोमवार को दोपहर बाद करीब साढ़े 4 बजे इंजीनियर रवि देशवाल के साथ सीवर लाइन की जांच कर रहा था। जब एकता कॉलोनी में काली माता के मंदिर के नजदीक सीवर का ढक्कन उठाया तो एक व्यक्ति का हाथ दिखाई दिया। नजदीक से देखा तो सीवर के अंदर एक युवक का शव पड़ा था। गले में बिजली के तार बंधे थे। साथ ही मुंह व सिर पर चोट लगी हुई थी। शिवाजी कॉलोनी थाने में अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया था।