रोहतक। शहर के मेडिकल मोड़ पर मंगलवार की रात चांदी गांव के पहलवान ने अपने दोस्त के साथ मिलकर थानेदार के साथ हाथापाई की थी। पुलिस ने आरोपियों को सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने, हाथापाई करने व आम लोगों की जान जोखिम में डालने का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में सुनारिया जेल भेज दिया गया। तलाशी में कार से एक चाकू भी बरामद हुआ है।
पुलिस के मुताबिक पीजीआईएमएस थाने के पीएसआई विनोद कुमार ने दी शिकायत में बताया कि वे मंगलवार रात को करीब 11 बजे मेडिकल मोड़ पर मौजूद थे। तभी एक कार पावर हाउस चौक की तरफ से तेज गति से मेडिकल मोड़ की तरफ आई। कार चालक ने आते ही पहले तो गोल चक्कर में टक्कर मारी। इसके बाद सड़क किनारे खड़ी कार में टक्कर मार दी। जब उसने देखा कि कार के अंदर दो युवक बैठे हैं। उसने युवकों का नाम पता पूछा तो युवकों ने खिड़की खोलकर उसके साथ हाथापाई शुरू कर दी। सिपाही जितेंद्र व आम लोग बीच में आ गए। पूछताछ करने पर एक युवक की पहचान चांदी गांव निवासी मनीष के तौर पर हुई, जो एक अखाड़े में पहलवानी करता है। जबकि उसके साथी की पहचान पटेल नगर निवासी विरेंद्र के तौर पर हुई।