जींद। शहर के एकलव्य स्टेडियम की हालत बदहाल पड़ी है। लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण मैदान में घास उग गई है। इससे खिलाड़ियों को अभ्यास करने में दिक्कतें आ रही हैं। वहीं, स्टेडियम में पेयजल की व्यवस्था न होने से भी काफी परेशान हो रही है।
स्टेडियम में रोजाना सुबह और शाम हजारों खिलाड़ी अभ्यास करने आते हैं लेकिन मैदान में फैली गंदगी और घास के कारण वो अभ्यास नहीं कर पाते।
प्रदीप, रवि, चेतना, प्रवीन, मनीषा, विवेक ने बताया कि क्रिकेट, फुटबॉल और एथलेटिक्स खेलों के लिए वह तैयारी नहीं कर पाते और मैदान की घास इतनी बढ़ गई है कि दौड़ना मुश्किल हो गया है। कई बार घास में छिपे पत्थरों और कीड़ों से चोट लगने का खतरा भी बना रहता है।
स्टेडियम में पेयजल की व्यवस्था नहीं
एकलव्य स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए पीने के पानी की कोई सुविधा नहीं है। इससे उन्हें अभ्यास के दौरान परेशानी झेलनी पड़ती है। स्टेडियम में न तो वाटर कूलर लगे हैं और न ही हैंडपंप या टंकी की व्यवस्था है। खिलाड़ी अपने साथ पानी की बोतलें लाने को मजबूर हैं।
कई महीनों से नहीं हुई सफाई
खिलाड़ियों ने बताया कि पहले मैदान की नियमित सफाई और घास की कटाई होती थी लेकिन अब कई महीनों से सफाई नहीं हुई है। इसके अलावा स्टेडियम में पीने के पानी की भी कोई स्थाई व्यवस्था नहीं है। स्टेडियम में बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण उनका मनोबल टूट रहा है। यदि स्टेडियम में सुविधाएं ही नहीं होंगी तो वह कहां से गोल्ड लेकर आएगें।
वर्जन
स्टेडियम परिसर में जो भी खामियां है उनको जल्द ही दूर करवाया जाएगा। मैदान से घास की कटाई करवा दी जाएगी ताकि खिलाड़ी अभ्यास कर सके।-रामपाल हुड्डा, जिला खेल अधिकारी,जींद
26जेएनडी03 : एकलव्य स्टेडियम में उगी बढ़ी-बढ़ी घास। संवाद