हिसार रोड के चौड़ीकरण की जद में आ रहीं दुकानों के मालिकों ने तय किया है कि जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक दुकानें तोड़ने के लिए खाली नहीं करेंगे। जिस तरह से नई दुकानें बन रही हैं, वह हमेशा के लिए परेशानी का सबब बनी रहेंगी। वहीं, दुकानदारों ने मांगों से संबंधित पत्र मेयर व संयुक्त नगर आयुक्त को सौंपा है। ऐसे में हिसार रोड के चौड़ीकरण का कार्य फिलहाल रुकना तय है।
छोटूराम चौक, पालिका बाजार, भिवानी स्टैंड, दुर्गा भवन मंदिर के नजदीक, पुरानी सब्जी मंडी, पुराना बस स्टैंड में जाम की समस्या का निदान करने के लिए प्रदेश सरकार ने आंबेडकर चौक से हिसार रोड तक एलिवेटेड रोड का निर्माण कराया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने ड्रीम प्रोजेक्ट के तहत तीन मई 2018 में हिसार रोड के चौड़ीकरण की घोषणा की।
रोड के चौड़ीकरण की जद में हिसार रोड की 73 और पुरानी सब्जी मंडी रोड की 108 दुकानें आ रही हैं। इन दुकानों को शिफ्ट करने के लिए नगर निगम ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण से नजदीक में जमीन खरीदी। इस पर निगम प्रशासन दुकानें बनवा रहा है मगर अभी तक दुकानदारों की मांगों को पूरा नहीं किया गया है। अभी तक न तो हिसार रोड के 73 दुकानदारों की रजिस्ट्री हुई है और न प्रॉपर्टी आईडी बन सकी है। बावजूद इसके दुकान बनाने वाला ठेकेदार दुकानदारों पर 15-15 दुकानें तोड़ने के लिए खाली करने का दबाव बना रहा है। वहीं, दुकानों का निर्माण होता देख दुकानदारों में आक्रोश बढ़ने लगा है। इसके चलते हिसार रोड ट्रेडर्स एसोसिएशन ने शनिवार को दुकानें खाली नहीं करने का फैसला लिया है।
बारिश में दुकानों तक होता है जलभराव
एसोसिएशन के प्रधान श्यामलाल सचदेवा ने बताया कि वर्तमान में दुकानें साढ़े तीन फुट ऊंचाई पर बनी हैं फिर भी बारिश में दुकानों तक जलभराव होता है। नई दुकानें कम ऊंचाई पर बन रही हैं, जिससे बारिश में जलभराव होगा। दुकानों को अंदर छत पर जाने के लिए सीढ़ी नहीं बनाई जा रही है, ऐसे में वह छत इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे। शुरू से लेंटर 12 फुट की ऊंचाई पर डालने की मांग है मगर 10 फुट पर लेंटर डालने की तैयारी है। जिन दुकानदारों की दो या तीन दुकानें हैं, उनकी दुकान में एक शटर लगाने की मांग की जा रही है मगर उसे भी नहीं माना जा रहा है। इन हालातों में दुकानें बनाकर दी जाएंगी तो दुकानदार के लिए हमेशा के लिए परेशानी का सबब बनी रहेंगी। इसलिए तय हुआ है कि जब तक मांगों को नहीं मानी जाएंगी, तब तक दुकानदार अपनी दुकानें खाली नहीं करेंगे। उन्होंने बताया कि 11 मई को मेयर और निगम अधिकारियों के साथ हुई बैठक में कहा गया था कि मांगों से संबंधित पत्र दिया जाए तब कोई फैसला होगा। इसके चलते मेयर मनमोहन गोयल और निगम आयुक्त के नहीं होने पर संयुक्त निगम आयुक्त महेश कुमार को मांग से संबंधित पत्र सौंप दिया है।
ये कहना है दुकानदारों का
दुकानदारों की मांगों से संबंधित पत्र मेयर मनमोहन गोयल व संयुक्त निगम आयुक्त को सौंप दिया है। जब तक मांगें नहीं मानी जाएंगी, तब तक दुकानें खाली नहीं करेंगे।
- श्यामलाल सचदेवा, प्रधान हिसार रोड ट्रेडर्स एसोसिएशन
दुकानें ढाई फुट की ऊंचाई पर बन रही हैं और लेंटर 10 फुट ऊंचा। ऐसे में दुकानदार को दुकान सिर्फ आठ फुट ऊंची मिलेगी। न सिर्फ जलभराव होगा बल्कि तमाम दिक्कत होगी।
- किशनलाल भाटिया, दुकानदार
दुकान के अंदर छत पर जाने की सीढ़ी बननी चाहिए। छत का लेंटर 11-12 फुट की ऊंचाई पर होना चाहिए। जब तक मांग पूरी नहीं होगी, तब तक दुकानदार दुकानें खाली नहीं करेंगे।
- सुभाष रावल, दुकानदार
जिस तरह से नई दुकानें बनाई जा रही हैं, वह दुकानदारों के लिए हमेशा परेशानी का सबब बनेंगी। इसलिए जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक दुकानदार दुकानें खाली नहीं करेंगे।
- अशोक सिक्का, दुकानदार
वर्जन
हिसार रोड ट्रेडर्स एसोसिएशन की तरफ से मांगों का पत्र मिला है। जिस पर फैसला निगम आयुक्त से साथ बैठक करके ही लिया जा सकेगा।
- महेश कुमार, संयुक्त निगम आयुक्त रोहतक
ये हैं दुकानदारों की मांगें
1. जिन दुकानदारों की दो या तीन दुकानें हैं, उन्हें एक ही दुकान बनाकर दें और बीच में पिलर न हों
2. छत पर जाने के लिए सीढ़ी बनाई जाए
3. छत का लेंटर 12 फुट की ऊंचाई पर हो
4. दुकान की ऊंचाई कम से कम ढाई फुट दें