रोहतक। शहर के माडल टाउन में तिकोना पार्क के पास तीन युवकों ने युवती को बाइक से उतारकर किलोई गांव के युवक सुनील पर हमला कर दिया। विरोध पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर सिविल लाइन थाने में घटना की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
किलोई गांव निवासी सुनील ने दी शिकायत में बताया कि वह कपड़े के शोरूम पर सेल्समैन की नौकरी करता है। शोरूम पर पास के गांव की दो लड़कियां भी नौकरी करती हैं। रविवार की रात करीब 9 बजे वह बाइक पर माडल टाउन स्थित तिकोना पार्क के पास पहुंचा। यहां उसके साथ काम करने वाली दोनों लड़कियां इंतजार कर रही थीं। एक लड़की उसके साथ बाइक पर बैठ गई। तभी पैदल ही तीन युवक आए और लड़की को बाइक से नीचे उतरने के लिए कहा। लड़की नीचे उतर गई। फिर युवकों ने उसकी बाइक की चाबी निकाली ली और रॉड से उसके ऊपर हमला कर दिया। जब तक वह कुछ समझ पाता, एक बाइक सवार आया और तीनों युवकों को अपने साथ बैठाकर ले गया। जाते समय युवक उसे जान से मारने की धमकी भी दे गए। शिकायतकर्ता का कहना है कि अंधेरा होने के कारण वह बाइक का नंबर नहीं देख सका। न ही उसे पता कि युवकों ने उस पर हमला क्यों किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।