महम। खरीद एजेंसी के ढुलमुल रवैये के कारण स्थानीय अनाज मंडी के आढ़तियों को परेशान होना पड़ रहा है। आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान धर्मवीर सिवाच का कहना है कि पिछले दो दिन से सरसों की खरीद बंद है। एजेंसी का बारदाना भी समाप्त हो गया है, जिसके कारण उनके पास आई सरसों खराब हो रही है।
बताया कि आढ़तियों ने किसानों से सरसों लेकर उसे सुखाया व ढेरियां बना दीं, ताकि सरसों का तोल किया जा सके। महम में सरसों खरीद का कार्य कर रही वेयर हाउस एजेंसी अब बारदाना उपलब्ध नहीं करवा रही है। इस कारण पिछले तीन दिन से सरसों खरीद बंद है। इसी तरह गेहूं की खरीद भी धीमी गति से चल रही है। शुक्रवार शाम को आई बारिश के कारण गेहूं व सरसों भीग गई। उसे मजदूर पूरा दिन सुखाने में लगे रहे। बताया कि सरसों व गेहूं की ढेरी बरसात के मौसम को देखते हुए ऊपर से ढक दी गई थी, लेकिन बारिश का पानी नीचे घुस गया।
इस कारण सुबह जेसीबी की मशीन से ऊपर का सूखा गेहूं हटाकर नीचे के गेहूं को धूप लगाने का कार्य किया जा रहा है। आढ़तियों ने खरीद एजेंसियों से खरीद व उठान में तेजी लाने की गुहार लगाई है। इस बारे में मार्केट कमेटी के सचिव दीपक का कहना है कि सरसों खरीद के लिए एजेंसी को बारदाना उपलब्ध कराने के लिए बोल दिया है। जल्दी ही बारदाना मिलेगा। शनिवार को नमी के कारण खरीद नहीं हो सकी। किसानों व आढ़तियों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। जल्द ही खरीद शुरू होगी।