12सीटीके19 नांदल गांव में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का स्वागत करते बुजुर्ग। स्रोत
रोहतक। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का कहना है कि सरकार की लापरवाही के चलते मंडियों में किसानों का गेहूं भीगा है। बार-बार चेतावनी के बावजूद मंडियों में बारिश से बचाव के लिए समय रहते कदम नहीं उठाए गए। वे शनिवार को लाखनमाजरा खंड के गांव नांदल में हनुमान जन्मोत्सव पर हुए सामाजिक कार्यक्रम में ग्रामीणों से बातचीत कर रहे थे। साथ ही उन्होंने मंदिर में पहुंचकर पवनपुत्र हनुमान के दर्शन किए।
हुड्डा ने कहा कि जो किसान फसल बेचने के लिए मंडी में पहुंचे थे, उनके लिए न ही तिरपाल की व्यवस्था थी और न ही बारदाने की। जिस फसल की खरीद हो चुकी थी, उसका भी उठान नहीं हुआ और वह भी बारिश में भीग गया। इसके अलावा खेत में तैयार खड़ी फसल को भी नुकसान हुआ है। बारिश के साथ चल रही आंधी के चलते पूरी फसल खेत में बिछ गई। हुड्डा ने ऐसे किसानों के लिए मुआवजे की मांग उठाई है। साथ ही उन्होंने दोहराया कि सरकार को बिना देरी के मंडियों में उचित व्यवस्था करनी चाहिए। जल्द से जल्द खरीद और उठान का प्रबंध बेहद जरूरी है, क्योंकि फसली सीजन में अक्सर आंधी और तूफान आते रहते हैं। आने वाले दिनों में भी इसकी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि हर बार प्रदेश सरकार की लापरवाही किसानों की छह माह की मेहनत पर पानी फेर देती है।
12सीटीके19 नांदल गांव में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का स्वागत करते बुजुर्ग। स्रोत