कॉलेजों में पीजी पाठ्यक्रमों में दाखिले के इच्छुक विद्यार्थियों का धनतेरस का त्योहार मेरिट लिस्ट के इंतजार में बीता। विद्यार्थी सारा दिन इंतजार करते रहे लेकिन शाम तक उच्च शिक्षा निदेशालय ने सूची जारी नहीं की।
उच्च शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार पीजी की मेरिट लिस्ट दो नवंबर जारी की जानी थी। दो से त्योहारी सीजन शुरू हो रहा था इसलिए कॉलेजों ने निदेशालय से अपील की थी कि मेरिट 7 नवंबर के बाद जारी की जाए। लेकिन निदेशालय ने कोई नया शेड्यूल जारी नहीं किया। इसका मतलब था कि लिस्ट 2 नवंबर को ही आएगी, पर ऐसा नहीं हुआ। दो नवंबर को निदेशालय की वेबसाइट पर एक मैसेज आया कि पीजी की लिस्ट जल्द जारी होगी। लेकिन शाम तक वही मैसेज चलता रहा, लिस्ट नहीं आई। विद्यार्थियों को यह चिंता थी कि लिस्ट में नाम आते ही वे फीस जमा कर निश्चिंत होकर दिवाली मनाएंगे। उधर, कॉलेजों ने दाखिलों के लिए नॉन टीचिंग स्टाफ की ड्यूटी लगाई थी। लेकिन वे भी सारा दिन इंतजार करते रहे।