रोहतक। शहर के दिल्ली बाईपास पर शनिवार दोपहर ढाई बजे जनता कॉलोनी का अक्षत (17) जेएलएन नहर में डूब गया। साथ में मौजूद 16 साल की किशोरी ने भीड़ को बताया कि अक्षत अपनी चप्पल निकालने के लिए नहर में कूदा था। एनडीआरएफ की टीम शाम तक किशोर की तलाश करती रही लेकिन पता नहीं लग सका।
आईएमटी थाना प्रभारी अश्वनी ने बताया कि दोपहर को सूचना मिली कि जेएलएन नहर की पटरी पर भीड़ जमा है। एक किशोर नहर में कूद गया जबकि किशोरी किनारे पर खड़ी है। एएसआई राजेश कुमार मौके पर पहुंचे।
विज्ञापन
प्रत्यक्षदर्शी ने पुलिस को बताया कि उन्होंने किशोर को नहर में कूदते देखा था। किशोरी भी उसके साथ कूदने वाली थी लेकिन वह नहीं कूदी। उसने शोर मचाकर युवक को बचाने की गुहार लगाई। किशोरी ने भीड़ को बताया कि अचानक अक्षत की चप्पल पानी में गिर गई। उसे निकालने के लिए वह कूद गया लेकिन तेज बहाव व गहराई ज्यादा होने के कारण बह गया।
पुलिस ने किशोरी को उसके परिजनों के हवाले कर दिया। किशोर के परिजन मौके पर पहुंचे। तब तक एनडीआरएफ की टीम भी आ गई। तहसीलदार यशपाल शर्मा ने बताया कि टीम किशोर की तलाश कर रही है। जल्द उसका पता लग जाएगा।