जिलास्तरीय स्कूली खेल प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया। उधर, आयोजक भी वीरवार के मुकाबले सतर्क रहे। सख्त मैदान को नर्म करने के लिए पानी डाला गया। चूने से बनाई गई बाउंड्रीवॉल भी साफ नजर आई। खिलाड़ियों को कुछ अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई गईं।
शुक्रवार को अंडर-17 और 19 गर्ल्स की विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। लॉन टेनिस, एथलेटिक्स, हॉकी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी, हैंडबॉल, स्केटिंग, साइक्लिंग मुकाबले राजीव गांधी स्टेडियम में हुए। टेबल टेनिस माइक्रॉन, बास्केटबॉल राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मॉडल टाउन, बॉक्सिंग प्रतियोगिता पठानिया स्कूल में आयोजित की गई। बेसबॉल और सॉफ्टबॉल प्रतियोगिताएं जाट स्कूल में हुईं। कुश्ती, जिम्नास्टिक्स और जूडो कराटे गेम्स छोटूराम स्टेडियम में हुए। फेंसिंग बाल भवन और योगा व क्रिकेट स्पर्धा का आयोजन वैश्य सीनियर सेकेंडरी स्कूल में किया गया। बैडमिंटन व आर्चरी नवयुग स्कूल, स्वीमिंग और शूटिंग जीडी गोयनका स्कूल, नेटबॉल नित्यानंद स्कूल और वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता राजकीय मॉडल स्कूल कलानौर में आयोजित की गई। डीईओ डॉ. विजय लक्ष्मी नांदल के निर्देशन में सारे मुकाबले आयोजित किए गए।
बॉक्सिंग में पठानिया स्कूल की तीक्षा रही अव्वल
लड़कियों की अंडर-19 बॉक्सिंग प्रतियोगिता में पठानिया स्कूल की तीक्षा पहले और जीएमएसएसएस मोखरा की मानसी दूसरे स्थान पर रहीं। लड़कियों के अंडर-17 बॉक्सिंग मुकाबले में इंटरनेशनल स्कूल के लक्षु, डीएवी पब्लिक स्कूल की साची, डीएवी सीनियर सेकेंडरी बलियाना की प्राची, डीएवी पुलिस की मुस्कान और डीएवी पुलिस की महक को गोल्ड मिला, जीजीएचएस बलियाना की धन्या को सिल्वर मेडल दिया गया। अंडर-14 वर्ग में लड़कों की शूटिंग में पीप राइफल में सत्यव्रत नांदल पहले, ओपन साइट राइफल में आदित्य नांदल और पिस्टल में आशीष चौधरी अव्वल रहे, इसी वर्ग की लड़कियों में पिस्टल में कनक ने बाजी मारी।