अमर उजाला का चुनावी रथ 'सत्ता का संग्राम' हरियाणा में है और अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत रोहतक लोकसभा क्षेत्र में लोगों से बातचीत करने के लिए पहुंचा है। यहां अमर उजाला ने सुबह चाय पर चर्चा में लोगों से बातचीत की। आम जनता के मन में क्या है यह जानने की कोशिश की। इसके बाद दोपहर में युवाओं के मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
रोहतक के मतदाताओं ने सड़कों, नौकरी, लावारिस गोवंश का मुद्दा उठाया। रोहतक निवासी सोनू ने कहा कि भाजपा ने रोहतक और हरियाणा को दरकिनार किया गया है। सरकार द्वारा मुद्दों से भटकाया जा रहा है। यहां सड़कों की हालत खराब हैं। वहीं, कुछ लोगों ने पांच साल में जनता के बीच सांसद की गैरमौजुदगी का मुद्दा उठाया। इसके अलावा शहर में पानी की समस्या के बारे में बताया।
पंकज सचदेवा ने कहा की हरियाणा बेरोजगारी में नंबर एक पर है। नशा बढ़ रहा है। उन्होंने भाजपा पर जातिवाद का आरोप लगाया। कहा कि हरियाणा में पहली बार जात-पात की लड़ाई हुई है। उन्होंने कहा कि वोटों के लिए छह महीने पहले सीएम बदला गया है। वहीं, सुंदर सैन ने शहर में पानी की समस्या को उठाया। मतदाताओं ने कहा कि भाजपा जिन मुद्दों को लेकर सरकार में आई है, उन्हीं मुद्दों में सरकार में विफल रही है।
एक सवाल पूछा गया कि प्रधानमंत्री हरियाणा में आए। इस दौरान उन्होंने कहा कि सबको मेरी राम-राम कहना, तमाम अलग-अलग मुद्दो पर बात की... इसके जवाब में एक मतदाता ने कहा कि राम का नाम तो शुरू से ही है, कहा कि राम के नाम पर तो हमारे नाम भी होते हैं जैसे-रामभतेरी, रामकिशन, रामसिंह और राममेहर... राम का नाम तो जन्म से ही है ये कोई नया नहीं है।
एक मतदाता ने अमृत योजना पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने योजनाओं के नाम पर सड़कें खोदी है। कहा कि बने हुए रोड को उखाड़कर दोबारा रोड बनाया है। मतदाता ने भूपेंद्र हुड्डा और दीपेंद्र हुड्डा का नाम लेते हुए कहा कि इन्होंने रोहतक में पांच यूनिवर्सिटी बनाई है। जिसके कारण युवाओं के लिए शिक्षा के द्वार खुले थे। लेकिन भाजपा ने अपने कार्यलय से अलग रोहतक के विकास के लिए कोई कार्य नहीं किया है। कहा कि इस सरकार ने रोहतक को नकार के रख दिया है। वहीं, एक मतदाता ने बेरोजगारी के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि हरियाणा बेरोजगारी में नंबर एक पर है। कहा कि हरियाणा में डर का माहौल है, महिलाएं अकेले सड़क पर नहीं चल सकती। क्राइम का ग्राफ बढ़ता जा रहा है।