हरियाणा के रोहतक शहर की जगदीश कॉलोनी में मंगलवार को अनोखी घुडचढ़ी हुई। दरअसल, यहां एक व्यक्ति ने अपनी इकलौती बेटी की शादी से एक दिन पहले दूल्हे ही तरह घुड़चढ़ी की रस्म निभाई। इकलौती बेटी ने घुड़चढ़ी के जरिए पिता की बेटे की तरह बेटी की शादी करने की इच्छा भी पूरी कर दी।
विज्ञापन
जगदीश कॉलोनी निवासी सब्जी व्यापारी राजू गांधी ने बताया कि उनकी बेटी स्वाति की 31 जनवरी को शादी होनी है। उनका बेटा नहीं है। इसलिए अपनी बेटी को ही बेटे की तरह मानकर पाल-पोसकर बड़ा किया है। उसकी शादी बेटे की तरह धूमधाम से करने की ख्वाहिश थी। इसलिए मंगलवार को घुड़चढ़ी के साथ यह ख्वाहिश पूरी हुई।
मंगलवार को राजू गांधी के परिवार व समाज के लोग बेटी स्वाती को घोड़ी में बैठाकर कॉलोनी की मुख्य सड़कों से गुजरे। स्वाती की शादी को लेकर परिवार में खुशी का माहौल है। साईं दास कॉलोनी से बुधवार को स्वाती की बारात आएगी। बारात का भी जोरदार स्वागत किया जाएगा।