शोध सिर्फ प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए। बल्कि, शीघ्र ही उसका उपयोग मानव और समाज के कल्याण के लिए होना चाहिए। उक्त बातें प्रदेश के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कही। वह शनिवार को एमडीयू में प्राध्यापकों और शोधार्थियों को संबोधित कर रहे थे। कुलाधिपति ने कहा कि विश्वविद्यालय शैक्षणिक, उद्यमिता व उत्कृष्टता के केंद्र बनने चाहिए। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय शोध क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। जरूरत है कि शोध के जरिये रोजगार सृजन का कार्य किया जाए। उन्होंने एमडीयू के शैक्षणिक विभागों की शोध व उच्च शिक्षा प्रगति की सराहना की। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों को स्किल इंडिया, डिजिटल इंडिया और मेक इन इंडिया मिशन के दृष्टिगत विद्यार्थियों के कौशल विकास का रास्ता प्रशस्त करना होगा।
कई विभागों का किया दौरा
राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने एमडीयू कैंपस का दौरा किया, साथ ही कई विभागों में भी गए। उन्होंने जीव विज्ञान संकाय के जूलॉजी, बॉटनी, पर्यावरण विज्ञान, सेंटर फॉर बायोटेक्नोलॉजी, चौधरी रणबीर सिंह इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल एंड इकोनॉनिक चेंज का दौरा किया। कुलाधिपति ने विभागाध्यक्ष, निदेशक प्राध्यापकों और शोधार्थियों से बातचीत की और विभागों की शैक्षणिक यात्रा का ब्योरा लिया। उन्होंने विवेकानंद लाइब्रेरी में पौधा लगाया और किताबों का जायजा लिया। राज्यपाल को सबसे पहले पौधरोपण करना था। लेकिन ऐन मौके पर तेज बारिश से वहां पानी भर गया, जिसके चलते यह कार्यक्रम बाद में रखा गया।
नामी खिलाड़ियों से की मुलाकात
राज्यपाल ने विश्वविद्यालय खेल परिसर में डॉ. मंगल सेन इंडोर जिम्नेजियम हॉल का दौरा कर नामी खिलाड़ियों और कोच से मुलाकात की। इनमें द्रोणाचार्य, अर्जुन और भीम खेल पुरस्कार विजेता शामिल रहे। अमित पंघाल समेत एमडीयू से निकले कई नामी खिलाड़ी इस मौके पर मौजूद थे। खेल निदेशक डॉ. डीएस ढुल ने राज्यपाल से स्पोर्ट्स अचीवर्स का परिचय कराया। साथ ही विश्वविद्यालयों की खेल उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी। एमडीयू खेल अकादमी के बच्चों ने वहां पहुंचने पर तालियां बजाकर राज्यपाल का स्वागत किया।
जिला और एमडीयू प्रशासन ने किया स्वागत
एमडीयू पहुंचने पर जिला और विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय का स्वागत किया गया। मंडलायुक्त पंकज यादव, एडीजीपी संदीप खिरवार, उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार, एसपी राहुल शर्मा, कुलपति प्रो. राजबीर सिंह, कुलसचिव प्रो. गुलशन लाल तनेजा, संकायों के अधिष्ठाताओं, अधिकारियों ने राज्यपाल का स्वागत किया। कुलपति ने उन्हें विश्वविद्यालय की प्रगति यात्रा का ब्योरा दिया। उन्होंने बताया कि एमडीयू ने शैक्षणिक व शोध क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। एनआईआरएफ रैंकिंग में 2020 में देश में एमडीयू 76वें और राज्य में पहले स्थान पर रही। नैक से भी ए प्लस रैंकिंग प्राप्त है। डीन, सीआईएए प्रो. एके राजन ने एमडीयू की विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियों पर प्रस्तुति दी। पांच सितंबर को राज्यपाल शिक्षक दिवस कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। सावित्री बाई फुले रीडिंग-कम-मल्टीपर्पज हॉल का शिलान्यास करेंगे।