फोटो भी है
अब की बार गणतंत्र दिवस समारोह खास होगा। पुलिस लाइन ग्राउंड में 26 जनवरी को होने वाले इस समारोह में गुलाबी ऑटो अभियान और रोहतक महिला थाने की झांकी आकर्षण का केंद्र होंगी।
इसमें मुंबई से पहुंची गायिकाएं भी प्रस्तुति देंगी। इस समारोह में ध्वजारोहण मुख्यातिथि वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु करेंगे और परेड की सलामी लेंगे। इससे पहले, वित्तमंत्री एमडीयू परिसर में स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे।
उपायुक्त डीके बेहेरा ने बताया कि यह कार्यक्रम सुबह 10 बजे शुरू होगा और दोपहर 12:30 बजे तक चलेगा। उन्होंने बताया कि मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण के बाद परेड व मास पीटी का प्रदर्शन होगा। फिर, विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की छटा बिखेरेंगे।
इस दौरान स्वतंत्रता सेनानियों, युद्ध वीरांगनाओं, शहीदों व उनकेे परिवार के सदस्यों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही, आपातकाल के दौरान यातना सहने वाले लोगों को ताम्र पत्र भी दिए जाएंगे। जहां समारोह स्थल की सुरक्षा पुलिस कर्मियों सहित ब्लैक कैट कमांडों की निगरानी में रहेगी।
वहीं, पुलिस लाईन में मुख्य द्वार में केवल वीआईपी व अधिकारियों का प्रवेश होगा। आम जनता का प्रवेश प्रेम नगर चौक समीप पुलिस लाईन मैदान के गेट से रहेगा।
महम उपमंडल में भी मनेगा गणतंत्र दिवस
महम उपमंडल में भी मंगलवार को गणतंत्र दिवस समारोह मनाया जाएगा। इसमें महम की एसडीएम वीना हुड्डा ध्वजारोहण करेंगी और परेड की सलामी लेंगी। फिर मार्च पास्ट, पीटी के अलावा विभिन्न स्कूूलों के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
ऐसे चलेगा गणतंत्र दिवस का रिहर्सल कार्यक्रम
समय कार्यक्रम
सुबह 9:58 से 10 तक मुख्य अतिथि का आगमन व स्वागत।
10 से 10:01 तक मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण व राष्ट्रीय धुन।
10:01 से 10:10 तक मुख्य अतिथि द्वारा परेड का निरीक्षण।
10:10 से 10:20 तक मुख्य अतिथि का भाषण।
10:20 से 10:30 तक मार्च पास्ट।
10:30 से 10:45 तक पीटी शो।
10:45 से 11:45 तक सांस्कृतिक कार्यक्रम व झांकियां।
11:45 से 12 तक प्रशंसा पत्रों का वितरण।
सुबह 12 से 12:01 तक राष्ट्र गान।