फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कार्रवाई के लिए गांवों में आए पुलिसकर्मी तो बनाएंगे बंधक : हुड्डा खाप

विज्ञापन
किलोई में आयोजित पंचायत में मौजूद लोग। अमर उजाला
विज्ञापन
किलोई मंदिर प्रकरण में गांववासियों ने युवकों पर दर्ज पर्चा रद्द करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि अगर ऐसा न हुआ तो कार्रवाई के लिए गांवों में आने वाले पुलिसकर्मियों को बंधक बनाया जाएगा। यह फैसला वीरवार को गांव किलोई ही पंचायती चौपाल में हुई हुड्डा खाप के 24 गांवों की पंचायत में लिया गया। पंचायत में सभी गांवों के तीन-चार प्रतिनिधियों के अलावा बड़ी संख्या में किलोई के निवासी भी मौजूद रहे।
विज्ञापन

गांव किलोई के प्राचीन शिव मंदिर में पिछले दिनों किसानों और स्थानीय लोगों द्वारा भाजपा नेताओं को कई घंटे तक बंधक बनाने का विवाद गहराता जा रहा है। पुलिस ने इस मामले में करीब 200 लोगों के खिलाफ पर्चा दर्ज किया था। इसी मुद्दे को लेकर पंचायत बुलाई गई थी। वक्ताओं ने कहा कि सारी गलती भाजपा नेताओं की थी। वह जल चढ़ाने के नाम पर आए और राजनीतिक कार्यक्रम करने लगे। गांववालों ने किसी को नहीं रोका, पूर्वमंत्री मनीष ग्रोवर और अन्य भाजपा नेता अपनी मर्जी से अंदर बैठे रहे। इस दौरान किसी के साथ कोई कहासुनी नहीं हुई, कोई हाथापाई नहीं हुई तो फिर पर्चा किस बात का दर्ज किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि मौके पर उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार और एसपी उदय सिंह मीणा व अन्य जिलों के एसपी ने आश्वासन दिया था कि इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं होगी। लेकिन फिर भी गांव के युवकों के खिलाफ पर्चा दर्ज कर दिया गया है। पंचायत में इस मुद्दे पर पानीपत और सोनीपत रोड जाम करने के भी सुझाव आए। आखिर में फैसले के बाद हुड्डा खाप के प्रधान ओमप्रकाश हुड्डा ने घोषणा की कि एक 10 सदस्यीय कमेटी डीसी से मिलकर पर्चा रद्द करवाने की मांग करेगी। अगर ऐसा न हुआ तो कार्रवाई के लिए गांवों में आने वाले पुलिसकर्मियों को बंधक बनाया जाएगा। डीसी से मीटिंग के बाद दोबारा पंचायत होगी, जिसमें दूसरी खाप भी शामिल होंगी।
दम है तो गांवों में घुस कर दिखाएं डॉ. शर्मा
पंचायत में सांसद डॉ. अरविंद शर्मा के खिलाफ रोष नजर आया, वक्ताओं ने ईंट से ईंट बजा देने तक की बात कह दी। पंचायत में डॉ. शर्मा को चुनौती दी गई कि अगर उनमें हिम्मत है तो हुड्डा खाप के किसी भी गांव में घुस कर दिखाएं।
विज्ञापन

भाजपा के बहकावे में न आएं, भाईचारा बनाएं
पंचायत में एक और प्रस्ताव पास किया गया। वक्ताओं ने कहा कि भाजपा नेता जानबूझ कर माहौल खराब करने के लिए गलत बयानबाजी कर रहे हैं। ये कुछ भी बोलें, हमें इनके बहकावे में नहीं आना है। किसी भी हाल में भाईचारा नहीं बिगड़ना चाहिए। न ही किसान आंदोलन पर असर पड़ना चाहिए।
मंदिर प्रबंधक बोले, गुमराह किया
किलोई के प्राचीन शिव मंदिर के प्रबंधक और पुजारी ने कहा कि उन्हें गुमराह किया गया। उनसे कहा गया था कि भाजपा नेता सिर्फ जलाभिषेक करने आए हैं। लेकिन वह राजनीतिक कार्यक्रम करने लगे, स्क्रीन लगा दी। पंचायत में बताया गया कि मंदिर प्रबंधक ने यह बात मौके पर ही सतीश नांदल के मुंह पर कही थी।
भाजपाई भी पहुंचा पंचायत में
पंचायत में किलोई निवासी भाजपा कार्यकर्ता भी पहुंचा। उसने कहा कि मैं मौके पर तो था, लेकिन भाजपा नेताओं को यहां बुलाने में रुड़की निवासी एक व्यक्ति का हाथ था। उसने सफाई दी कि भाजपा या पूर्व मंत्री के कहने पर गांववासियों पर पर्चा दर्ज नहीं हुआ है। तो लोगों ने उसे आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वह अपनी जिम्मेदारी ले, पूरी पार्टी की नहीं। भाजपा नेताओं के कहने पर ही पर्चा दर्ज हुआ है।
एसपी ने दिया आश्वासन
शाम को हुड्डा खाप के प्रधान ओमप्रकाश हुड्डा की अगुवाई में 10 सदस्यीय कमेटी के सदस्य डीसी कैप्टन मनोज कुमार से मिलने पहुंचे। उपायुक्त मौजूद नहीं थे तो उन्होंने पुलिस अधीक्षक उदय सिंह मीणा से मुलाकात की। ओमप्रकाश हुड्डा ने बताया कि एसपी मीणा ने उन्हें आश्वासन दिया कि इस मामले में जो केस दर्ज हुआ है उसमें किसी पर भी कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। पुलिस भी गांवों में नहीं जाएगी। अगर कहीं ऐसा होता है तो गांववासी उन्हें सूचित कर सकते हैं।
यह है पूरा प्रकरण
पांच नवंबर को पीएम नरेंद्र मोदी का केदारनाथ से कार्यक्रम लाइव देखने के लिए पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर और जिले की पूरी लीडरशिप किलोई के प्राचीन शिव मंदिर पहुंची। सूचना मिलते ही गांववासी बाहर इकट्ठे हो गए। उनका कहना था कि किसान आंदोलन के बीच भाजपाइयों को गांव में नहीं आना चाहिए था। ग्रोवर माफी मांगें और यह कहें कि आंदोलन तक नहीं आएंगे। दोनों पक्ष अड़े रहे, पुलिस ने घेराबंदी कर ली, भाजपाई अंदर और गांववासी बाहर। तनाव बढ़ा तो कई जिलों की पुलिस, अर्धसैनिक बल बुलाए गए। आखिर शाम पांच बजे के बाद ग्रोवर ने हाथ जोड़े तो सब बाहर निकले। इस मामले में पुलिस ने कई लोगों पर पर्चा दर्ज कर लिया था। अगले दिन भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा का पुतला फूंका। इस दौरान सांसद डॉ. अरविंद शर्मा ने बयान दिया कि जो ग्रोवर की तरफ आंख दिखाएगा, उसकी आंखें निकाल लेंगे। जो हाथ उठाएगा, उसका हाथ हाट लेंगे। इससे विवाद बढ़ गया। सात नवंबर को मकड़ौली टोल पर किसान संगठनों की बैठक में गुरनाम सिंह चढूनी की मौजूदगी के बीच इसके खिलाफ निंदा प्रस्ताव पास किया गया। आठ नवंबर को चढूनी ग्रुप के जिला प्रधान राजू मकड़ौली ने सांसद शर्मा और अन्यों के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें