रोहतक। सोनीपत रोड स्थित बोहर में नहरों पर निर्माणाधीन दो स्टील ब्रिज में से एक पर लोगों ने जबरन आवागमन शुरू कर दिया है। इंजीनियरों का कहना है कि अभी ब्रिज बनकर पूरी तरह से तैयार नहीं हुआ है। ऐसे में लोगों का आवागमन खतरनाक हो सकता है। कार्यकारी अभियंता का कहना है कि ब्रिज पर कार्य प्रगति पर होने का बोर्ड भी लगा है। हर व्यक्ति को रोका भी नहीं जा सकता है। इस दौरान जो भी व्यक्ति निर्माणाधीन ब्रिज से आवागमन कर रहा है, वह उसके खुद के रिस्क पर है।
शीला बाईपास पर फ्लाईओवर और बोहर से गुजर रही नहरों पर आवागमन के लिए दो स्टील ब्रिज बनाने का काम पीडब्ल्यूडी की ओर से कराया जा रहा है। नहरों पर एक स्टील ब्रिज लगभग तैयार है, जबकि दूसरे पर काम चल रहा है। पीडब्ल्यूडी इंजीनियर का कहना है कि जिस ब्रिज को पूरी तरह से तैयार मानकर लोग आवागमन कर रहे हैं, उस पर अभी काम होना बाकी है। इसलिए वह किसी को भी ब्रिज से आवागमन की अनुमति नहीं दे सकते हैं। जब तक दोनों ब्रिज के बनने के बाद तकनीकी जांच नहीं हो जाती है, तब तक आम जनता के लिए खोला नहीं जा सकता है। लोग जबरन ब्रिज से आवागमन कर रहे हैं। रोकने पर विवाद की स्थिति पैदा हो जाती है। पीडब्ल्यूजी के कार्यकारी अभियंता उदयवीर झांझरिया का कहना है कि अभी दोनों ब्रिज बनकर तैयार नहीं हुए हैं। काम चल रहा है, जिसका बोर्ड भी लगा हुआ है। ब्रिज से आवागमन के लिए हर व्यक्ति को रोकना मुमकिन नहीं है। ऐसे में यदि कोई ब्रिज से आवागमन कर रहा है, तो उसका अपना रिस्क है।