रोहतक। बलियाना मोड पर हुए तिहरे हत्याकांड में शामिल एक आरोपी बागपत का भी शामिल है। उसकी गिरफ्तारी के लिए सीआईए की टीम उत्तर प्रदेश के बागपत और गाजियाबाद में दबिश दे रही है। हत्याकांड में रिमांड पर लिए गए हत्यारोपियों ने यह जानकारी दी है। हत्याकांड को अंजाम देने के दौरान प्रयोग की गई कार को भी बरामद कर लिया है।
वहीं, हथियारों की बरामदगी भी रात तक करने का पुलिस दावा कर रही है। हालांकि पुलिस गैंगस्टर राहुल बाबा की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। वह भी बागपत में रुका था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार पुलिस प्रयास कर रही है।
बलियाना मोड पर स्थित शराब के ठेके पर सुमित प्लोटरा के भाई अमित उर्फ मोनू, विनय और जयदीप की राहुल बाबा गैंग के सदस्यों ने रेकी करके हत्या कर दी थी। हत्या को अंजाम देने वाले शूटर सोनू, कशिश और कपिल उर्फ शूटर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अदालत ने उनको पांच दिन की रिमांड मंजूर किया है। पहले दिन पुलिस को पूछताछ में हत्यारोपियों ने बताया कि बागपत का भी एक युवक उनके साथ शामिल रहा था। उसी ने इस वारदात को अंजाम देने के बाद ठहरने समेत अन्य व्यवस्थाएं की थीं। पहले दिन पुलिस ने राहुल बाबा समेत अन्य कई बदमाशों की जानकारी सीआईए ने जुटाई है। पुलिस सूत्रों ने दावा किया है कि एक कार और बाइक भी बदमाशों की निशानदेही पर बरामद कर ली है। जबकि हथियारों को जहां पर छिपाया था, वहां से उनको बरामद करने के लिए प्रयास किया जा रहा है। उम्मीद है कि वीरवार सुबह तक हथियार भी बरामद कर लिए जाएंगे।
तिहरे हत्या के पीछे मूंछ की लड़ाई
पुलिस को अभी तक मिले साक्ष्यों और बयान के आधार पर इसमें किसी भी प्रॉपर्टी या नेता अथवा कोई अन्य कारण सामने नहीं आया है। इस गैंगवार को केवल मूंछ की लड़ाई माना गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राहुल बाबा पर सुनारिया जेल में हुआ हमला ही हत्याकांड की प्रमुख वजह रही है। गैंगस्टर राहुल बाबा पर जेल में हुए हमले को प्लोटरा के द्वारा ही कराया हुआ मान रहा है।
-
रिमांड पर लिए गए तीन हत्यारोपियों से काफी हद तक पुलिस के पास जानकारी आ गई है। कुछ साक्ष्य और हत्यारोपियों के और नाम उजागर हुए हैं। बागपत का भी एक आरोपी है और उसे गिरफ्तार करने के लिए टीम गई है। उसी ने हत्यारोपियों के ठहरने की व्यवस्था कराई थी। उसके काबू आने के बाद कई और बातों का खुलासा हो सकेगा।
आजाद सिंह नैन, प्रभारी निरीक्षक सीआईए-दो।