नगर निगम प्रशासन ने प्रॉपर्टी टैक्स शाखा की गड़बड़ियों पर अंकुश लगाने के लिए अहम फैसला लिया है। अब नई प्रॉपर्टी आईडी बनवाने, गलती सही कराने अथवा पार्ट आईडी बनवाने का ऑफलाइन (लिखित) आवेदन नहीं लिया जाएगा। इसके लिए अब आवेदन ऑनलाइन ही करना होगा। यह प्रक्रिया पखवाड़े भर में शुरू होगी। इसके लिए निगम की 1.98 लाख प्रॉपर्टी का डाटा ऑनलाइन डाउनलोड किया जा रहा है। उक्त जानकारी निगम के संयुक्त आयुक्त ने दी है।
प्रॉपर्टी टैक्स शाखा में फर्जी तरीके से नई प्रॉपर्टी आईडी बनाने, अधिकृत प्रॉपर्टी आईडी को गलत तरीके इस्तेमाल करके अनधिकृत प्रॉपर्टी की आईडी बनाकर अधिकृत करने, आवेदक की गलत जानकारियां दर्ज करने अथवा गलत तरह से पार्ट प्रॉपर्टी आईडी बनाने के लगातार मामले आ रहे हैं। मामले में पार्षदों ने प्रॉपर्टी टैक्स शाखा में बड़े स्तर पर गलत आईडी बनाने का आरोप लगाते हुए सदन का बहिष्कार किया था। मामले की सीटीपी (सीनियर टाउन प्लानर) से जांच करवाई गई। इस तत्कालीन जेडटीओ जगदीश चंद्र शर्मा को पद से हटाकर निगम में ही दूसरे पद पर तैनात किया गया है। साथ ही उनके खिलाफ शासन स्तर पर कार्रवाई की संस्तुति भी की गई। छह कर्मियों को गड़बड़ी में संलिप्त पाया गया। भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए निगम प्रशासन ने अब प्रॉपर्टी टैक्स शाखा से संबंधित हर काम के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अब एक भी आवेदन ऑफलाइन नहीं लिया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि निगम की सभी प्रॉपर्टी आईडी की जानकारी ऑनलाइन करने का काम तेजी से चल रहा है। एक पखवाड़े के अंदर यह प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
यह होगा फायदा
प्रॉपर्टी टैक्स आईडी बनाने के लिए अब आवेदन की प्रक्रिया ऑनलाइन ही होगी। इससे कई फायदे होंगे। प्रॉपर्टी टैक्स शाखा में फाइलें इधर-उधर गुम होने की भी शिकायतें नहीं होंगी। सब कुछ ऑनलाइन होगा। साथ ही दी गई समयावधि के अंदर अधिकारियों को आवेदन पर कार्रवाई करनी होगी। कर्मचारी भ्रष्टाचार भी नहीं कर सकेंगे और न ही लोगों को फाइल पास कराने के लिए दौड़ लगानी पड़ेगी।
किस पोर्टल पर करना होगा आवेदन
निगम अधिकारियों के अनुसार प्रॉपर्टी टैक्स शाखा को कोई भी काम कराने के लिए प्रॉपर्टी स्वामी को ऑनलाइन आवेदन ulbharyana.gov.in/eforms/propertytax.aspx पर करना होगा। ऑनलाइन की गई जानकारियों के आधार पर ही प्रॉपर्टी टैक्स शाखा आगे की कार्रवाई करेगी।
जल्द ही प्रॉपर्टी आईडी से संबंधित सभी काम के आवेदन ऑनलाइन होंगे। ऑफलाइन कोई भी आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। निगम अधिकारियों की टीम 1.98 लाख से ज्यादा प्रॉपर्टी का डाटा अपडेट करके ऑनलाइन कर रही है। एक पखवाड़े के अंदर ऑनलाइन आवेदन लेना शुरू कर दिया जाएगा।
-सुरेश कुमार, संयुक्त आयुक्त नगर निगम