गौड़ कॉलेज के पास रूप नगर के हलवाई संदीप (28) की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी खोखराकोट निवासी राजेंद्र व उसकी पत्नी सुनीता को गिरफ्तार कर लिया है। रविवार को उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस के मुताबिक रूप नगर निवासी अजय ने दो दिन पहले सिटी थाने में शिकायत दी थी कि उसका मझला भाई संदीप हलवाई का काम करता था, जिसका खोखराकोट निवासी राजेंद्र व संदीप सिंधु के साथ पैसे का लेनदेन चल रहा था। राजेंद्र, उसकी पत्नी सुनीता, फाइनेंसर संदीप सिंधु व अन्य कुछ समय से पैसे को लेकर दबाव बना रहे थे। इस कारण उसका भाई संदीप काफी परेशान चल था। 24 नवंबर की शाम को खोखराकोट निवासी राजेंद्र उसके भाई को बुलाकर ले गया। अगले दिन सुबह संदीप का शव राजेंद्र के घर में मिला था। राजेंद्र ने बताया था कि रात को संदीप ने फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने राजेंद्र, उसकी पत्नी सुनीता व संदीप सिंधु के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया था।