जिले के सभी खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी (बीडीपीओ) कार्यालयों में मंगलवार को सुबह 9 से 11 बजे तक समाधान शिविरों लगाया गया। लघु सचिवालय स्थित डीडीपीओ कार्यालय में लगे शिविर में पहले दिन सन्नाटा पसरा रहा। यहां न शिकायत आई न शिकायतकर्ता पहुंचा। इसके अलावा अन्य शिविरों में नागरिकों को विशेष तौर पर स्वामित्व योजना से संबंधित समस्याएं सुनीं गईं।
जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल ने अपने कार्यालय में पंचायत विभाग के अधिकारियों से कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा। सरकार ने इसीलिए फिर से समाधान शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इसके चलते शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। खंड स्तर पर रोहतक, कलानौर, महम, लाखनमाजरा व सांपला स्थित बीडीपीओ कार्यालयों में समाधान शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इनमें नागरिक विशेष तौर पर स्वामित्व से जुड़ी समस्याएं रख सकते हैं। शिविर में आने वाले नागरिकों की समस्याओं का अधिकारी तत्परता व समयबद्ध ढंग से समाधान करें। इस दौरान विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।