रोहतक। त्योहारी सीजन में बाजार में अतिक्रमण का असर नजर आने लगा है। मंगलवार दोपहर किला रोड बाजार के सामने सड़क किनारे फड़ी लगाने वाले युवक के पैर पर ऑटो का टायर चढ़ गया। इससे नाराज फड़ी वालों ने चालक विनोद से मारपीट की। पुलिस ने आकर बीचबचाव करवाया।
भीड़ व अतिक्रमण को देखते हुए पुलिस ने किला रोड, रेलवे रोड, शोरी मार्केट व माॅडल टाउन को वाहन फ्री जोन बनाया है। इसके लिए नाके लगाए गए हैं। साथ ही 28 अक्तूबर को नाके लगाकर रूट डायवर्ट किए जाएंगे। मंगलवार को एसपी ने डीएसपी व थाना प्रभारियों की बैठक में ये दिशा निर्देश दिए।
एसपी हिमांशु गर्ग ने बताया कि त्योहारी सीजन में बाजारों के अंदर भीड़ बढ़ गई है। ऐसे में बाजारों में यातायात, पार्किंग व सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त करने की आवश्यकता है। उन्होंने थाना प्रभारियों को हिदायत दी कि वे अपने एरिया के बाजारों में सड़क पर फड़ी न लगने दें। सड़कों पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ केस दर्ज करें। साथ ही सामान जब्त किया जाए। एसपी ने कहा कि शहर में सड़क काफी चौड़ी हैं, लेकिन अतिक्रमण व यातायात के दबाव के कारण हर वक्त जाम की स्थिति बनी रहती है। सभी राइडर व पीसीआर निरंतर गश्त मे रहेगी जो अपने क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाएगे। इसके अतिरिक्त बाजारों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी। मोटरसाइकिल पैट्रोलिंग व पैदल पेट्रोलिंग लगाई जाएगी।
यह बाजार बनेंगे वाहन फ्री जोन, 28 से 31अक्तूबर तक रूट होंगे डायवर्ट
पुलिस के मुताबिक रेलवे रोड, किला रोड, शौरी क्लॉथ मार्केट व मॉडल टाउन को वाहन फ्री जोन बनाया गया है। इसके लिए झज्जर रोड टी प्वाईंट से कच्चा बेरी रोड वाया भिवानी स्टैंड, दुर्गा भवन मंदिर तक की सड़क को वाहन फ्री जोन बनाया गया है। साथ ही 11 स्थानों को चिह्नित कर नाकेबंदी की जाएगी। कोई भी वाहन सुबह 11 बजे से रात 11 बजे तक किला रोड, दुर्गा भवन मंदिर की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। वाहनों के लिये रुट डायवर्ट किए जाएंगे। झज्जर रोड टी प्वाइंट पर आने वाले वाहनों को झज्जर रोड की तरफ रवाना किया जाएगा। कच्चा बेरी रोड पर आने वाले वाहनों को माता दरवाजा, दयानंद मठ चौक, गोहाना अड्डा होते हुए आंबेडकर चौक की तरफ रवाना किया जाएगा। इसी प्रकार अग्रसेन चौक से किसी भी वाहन को रेलवे रोड और भिवानी स्टैंड की तरफ जाने नहीं आने दिया जायेगा। रूट डायवर्जन 28 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक रहेगा।
आठ जगह पार्किंग तय, डीसी के साथ बैठकर और अस्थाई पार्किंग भी बनेंगी
त्योहारी सीजन में शहर के अंदर बाजारों में आठ जगह वाहन खड़े होंगे। बाजारों में खरीदारी करने आने वाले लोगों के लिए महाराजा अग्रसेन पार्किंग स्थल (एलिवेटेड रोड), पुराना सीनियर सेकेंडरी स्कूल हुड्डा ग्राउंड पार्किग स्थल नजदीक पुरानी सब्जी मंडी, पुराना बस अड्डा के खाली ग्राउंड (थाना शहर के सामने), भगत सिंह पार्किंग किला रोड, पुराना आईटीआई ग्राउंड सर्कुलर रोड, मेडिकल मोड़ (दाहिनी तरफ पार्किंग स्थल), रेलवे स्टेशन पार्किंग व नेकीराम कॉलेज में पार्किंग बनाई गई है। इसके अलावा पार्किंग के अन्य स्थानों बारे भी विचार किया गया है जो जिला प्रशासन से बैठक करके अन्य स्थानों पर भी अस्थायी रूप से पार्किंग बनाई जाएगी। त्योहारी सीजन पर रेलवे रोड व किला रोड को पार्किंग रहित किया जाएगा। किसी भी वाहन के खड़ा होने के मनाही होगी। दुकानों के आगे किसी भी वाहन का खड़ा होना वर्जित रहेगा। वाहन चालक अपना वाहन पार्किंग में खड़ा करे। मॉडल टाउन मार्केट को भी वाहन फ्री जोन बनाया गया है। इसके लिये 5 जगह चिन्हित कर नाकाबंदी की जाएगी। डी-पार्क से सोम स्वीट्स चौक तक की सड़क वाहन फ्री रहेंगी।