भाजपा सांसद डॉ. अरविंद शर्मा ने अमरूत योजना के तहत हुए विकास कार्यों की पेमेंट पर रोक लगाने के आदेश दिए हैं। साथ ही उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार को निर्देश दिए हैं कि इन कार्यों की गुणवत्ता की जांच के लिए समिति गठित की जाए। वह समिति अगली बैठक में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करे, उसके बाद आगे का फैसला लिया जाएगा। डॉ. शर्मा वीरवार को जिला विकास भवन में जिला विकास समन्वयक व निगरानी समिति (दिशा) की बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में राज्यसभा सदस्य रामचंद्र जांगड़ा और विधायक बलराज कुंडू भी मौजूद रहे।
सांसद डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि शहर में अमरूत योजना के तहत चल रहे काम संतोषजनक नहीं हैं। इनकी रफ्तार बहुत सुस्त है और क्वालिटी खराब है। नगर निगम द्वारा इस प्रोजेक्ट के तहत सीवर, पेयजल पाइप लाइन और सड़कों का काम करवाया जाता है। उन्होंने कहा कि अगर सीवर का कार्य करने वाला ठेकेदार निर्धारित अवधि में काम पूरा नहीं करता है तो उसे आगामी भुगतान न किया जाए। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के स्थानीय सेक्टरों में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए ताकि सेक्टरवासियों को परेशानी न हो। सांसद जांगड़ा ने भैणी सुरजन आदि गांवों में जलभराव की समस्या का समाधान करवाने को कहा। उन्होंने कहा कि मोहल्ला-बढ़ छप्पर माइनर में डाले जा रहे पानी का स्थायी समाधान करें ताकि किसानों को असुविधा न हो। उन्होंने कैटल शेड के निर्माण को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने गांव के तालाबों के गंदे पानी की निकासी के बारे में भी निर्देश दिए। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत खरकड़ा से कलिंगा वाया बलंबा सड़क के बारे में जानकारी हासिल की। उस सड़क पर गड्ढे भरवाने के निर्देश दिए। महम के विधायक बलराज कुंडू ने कहा कि उनके हलके के 70 प्रतिशत गांवों में जलभराव है, फसलों को नुकसान हो रहा है। जल्द से जल्द खेतों से पानी की निकासी करवाई जाए ताकि फसलें बच सकें और अगली फसलों की बुआई हो सके। गांवों में तालाब ओवरफ्लो हो रहे हैं, इनमें गंदा पानी एकत्रित हो गया है, उसकी निकासी करवाई जाए। इन तालाबों के साथ ही पेयजल सप्लाई के लिए जलघर स्थापित किए गए हैं। अधिकारी इनसे शुद्ध पेयजल सप्लाई सुनिश्चित करें। मनरेगा के तहत गांवों के विकास कार्य और ड्रेनों की सफाई करवाई जाए। ग्रामीण इलाकों में व्यक्तिगत शौचालयों के निर्माण के लिए भी शहरी क्षेत्र के समान राशि उपलब्ध करवाने का प्रावधान किया जाए।
सीवरेज का 80 प्रतिशत कार्य पूरा
नगर निगम आयुक्त नरहरि सिंह बांगड़ ने बैठक में कहा कि नगर निगम अमरूत योजना के तहत शहर में सीवरेज, पेयजल सप्लाई लाइन और सड़कों के कार्य करवा रहा है। सीवरेज का करीब 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है, बाकी 31 मार्च 2022 तक पूरा हो जाएगा। शहर में पेयजल सप्लाई की पाइप लाइन बिछाने का काम लगभग पूरा हो चुका है। सड़कों की मरम्मत का काम लोक निर्माण विभाग कर रहा है।
अमर उजाला ई-पेपर फ्री में पढ़ने के लिए अमर उजाला ऐप डाउनलोड करें,
एकदम फ्री, ये ऑफर सीमित समय के लिए है।
अमर उजाला ई-पेपर डेली एक रुपये से भी कम, अभी
सब्सक्राइब करें और अपने शहर की हर खबर, हर समय, हर डिवाइस पर पाएं ।