रोहतक। शहर के पालिका बाजार में बुधवार को एक मोबाइल की दुकान में आग लग गई। आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हैं। हादसे में दुकान में रखे मोबाइल व अन्य कीमती सामान जल कर राख हो गए। बाजार के दुकानदारों ने साथी को नुकसान व हादसे से उबारने के लिए 5-5 सौ रुपये जुटाकर आर्थिक सहायता की।
बाजार के दुकानदारों ने बताया कि वन सिटी में रहने वाला गोविंदा मोबाइल का काउंटर लगाता है। इस काउंटर में बुधवार को आग लग गई। आग कैसे लगी, इसके कारण या वजह सामने नहीं आई है। हादसे में दुकान में रखा सामान जल गया। आसपास के दुकानदारों ने समय रहते आग बुझाकर बड़ा नुकसान होने से बचाया। देरी होने पर पड़ोस की दुकानों में आग फैलने का खतरा था। यही नहीं, मोबाइल विक्रेताओं ने अपने साथी को हादसे व नुकसान से उबारने के लिए अपने स्तर पर पांच-पांच सौ रुपये जुटा कर आर्थिक मदद दी। इससे यह दुकानदार फिर से अपना काम शुरू कर सकेगा। समाज में दुकानदारों की इस नई व अनूठी पहल को सभी ने सराहा है। पालिका बाजार एसोसिएशन के अध्यक्ष गुलशन निझावन ने कहा कि बाजार के दुकानदारों का अपने साथी के लिए आर्थिक मदद जुटाने का सकारात्मक प्रयास सभी के लिए प्रेरणा स्रोत है।