कांग्रेस विधायक दल के चीफ व्हिप एवं विधायक भारत भूषण बत्तरा ने एक बार फिर मुख्यमंत्री से मुलाकात कर रोहतक के कुछ बाजारों के स्थानांतरण मामले में बनाई गई पॉलिसी पर पुनर्विचार की अपील की। विधायक ने रोहतक के सुभाष रोड ऑटो मार्केट, हिसार रोड मार्केट, माल गोदाम रोड सहित काठमंडी का मामला उठाया।
चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर विधायक भारत भूषण बत्तरा ने कहा कि वे पहले भी 19 जनवरी 2021 को एक लिखित पत्र उनको दे चुके हैं। एक बार फिर लिखित पत्र मुख्यमंत्री को सौंपते हुए कहा कि वर्तमान में जो रेट सरकार तय कर रही है, वह बहुत ज्यादा है। इस रेट पर मार्केट का स्थानांतरण होना बहुत कठिन है। इन सभी बाजारों का पहले सर्वे हो चुका है। वर्तमान में जो स्थिति बनी हुई है, उसके चलते बाजारों के व्यापारी हताश हैं। सरकार को इस मामले में प्रॉफिट न देखते हुए जनहित में फैसला करना चाहिए। विधायक बतरा द्वारा दिए गए तथ्यों से मुख्यमंत्री मनोहर लाल सहमत हुए और इस मामले में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के मुख्य प्रशासक अजीत बालाजी जोशी को निर्देश दिए कि वे सभी तथ्यों के साथ यह जांचे कि फाइल पर कितनी कीमत निर्धारित की गई है और कैसे निर्धारित की गई है। साथ ही यह भी पूछा कि वास्तव में मार्केट मूल्य क्या है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारी इस मामले में उन्हें अवगत कराएं। विधायक को मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि इस पूरे मामले का दोबारा अवलोकन करवाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी आश्वासन दिया कि मूल कीमत निर्धारित करने पर दोबारा विचार करेंगे और साथ में सीमित नीलामी भी रखी जाएगी, जिससे सभी पात्र लाइसेंस होल्डर जो मार्केट में हैं वहीं नीलामी में भाग ले सकें।