रोहतक/सांपला। सांपला में शादी करने का दबाव डालने का एक और मामला सामने आया है। जेल से जमानत पर आया रोहतक का युवक लड़की के घर पहुंचा और उसकी मां को धमकी दी। अगर उसने अपनी बेटी की शादी उससे नहीं की तो जान से मार देगा। साथ ही आठ लाख रुपये भी मांगे। पुलिस ने आरोपी रोहतक निवासी प्रवीण के खिलाफ केस दर्ज किया है। उधर, सांपला पुलिस ने दुल्हन गोलीकांड के आरोपी साहिल व उसके साथी अजय उर्फ आलू को गाड़ी छीनने के मामले में वीरवार को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर एक दिन के रिमांड पर लिया है।
पुलिस के मुताबिक सांपला खंड के एक गांव की महिला ने शिकायत दी है कि बुधवार को रोहतक का युवक प्रवीण उसके घर पर आया। उसे व उसकी लड़की को जान से मारने की धमकी दी। हाथापाई करते हुए अपशब्द कहे। बोला, उसे आठ लाख रुपये चाहिए और लड़की की शादी उसके साथ कर दो। नहीं तो तुझे व तेरे परिवार को मार दूंगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। सांपला थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी दुष्कर्म के मामले में न्यायिक हिरासत के चलते जेल में बंद था। पिछले दिनों ही जमानत पर बाहर आया। जल्द उसे काबू कर लिया जाएगा।
साहिल बोला, तनिष्का को गोली मारने का पछतावा
उधर, सांपला पुलिस ने दुल्हन गोलीकांड के आरोपी साहिल व उसके साथी अजय उर्फ आलू को गाड़ी छीनने के मामले में वीरवार को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर एक दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी साहिल ने बताया कि वह तनिष्का को गोली नहीं मारना चाहता था। यह पूछने गया था कि उसने दूसरी जगह शादी क्यों की। बार-बार पूछने पर जवाब नहीं दिया तो उसे गुस्सा आ गया। उसने पिस्तौल निकाला और तीन गोलियां मार दी। इसके बाद उसका पिस्तौल खराब हो गया। उसके बाद साथी अजय से पिस्तौल लेकर दो गोली और मारी।
रात को खेतों के रास्ते पैदल पहुंचे बेरी
पुलिस के मुताबिक वे रोहद बाईपास पर गाड़ी लेने गए थे, लेकिन कोई गाड़ी नहीं मिली। इसलिए सांपला में सबसे पहले इनोवा छीनी। इसके बाद गाड़ी लेकर खरखौदा की तरफ चले गए। इसी बीच सूचना मिली कि दुल्हन चल पड़ी है। वे गाड़ी लेकर इस्माईला आ गए, लेकिन वहां गाड़ियों की संख्या ज्यादा होने के कारण मौका नहीं मिल सका। उन्हाेंने गाड़ी का पीछा किया। जब वे भाली पहुंचे तो ओवरटेक करके तनिष्का की कार रुकवा ली और गोली मार दी। गोली मारने के बाद भागे तो गाड़ी का टायर फट गया। वे मदौड़ी के पास गाड़ी छोड़कर पैदल ही चल पड़े। खेतों के रास्ते सुबह बेरी पहुंचे। वहां से आटो में बैठकर झज्जर गए। झज्जर से नरेला होते हुए यूपी भागने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने समय रहते गिरफ्तार कर लिया।
सर्जरी के लिए करना पड़ रहा इंतजार
गुरुग्राम के निजी अस्पताल में दाखिल तनिष्का की हालत अभी स्थिर बनी हुई है। उसकी ताई निर्मला देवी ने बताया कि डॉक्टरों का कहना है कि अभी संक्रमण पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। ऐसे में सर्जरी के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। सर्जरी करके ही गोलियां निकाली जा सकेंगी।