कोर्ट चौक के पास जाम के दौरान वकीलों से बातचीत करती पुलिस। संवाद
रोहतक। शहर की फतेहपुरी कालोनी में नौ दिन पहले महिला वकील के घर फायरिंग केस में कार्रवाई न होने से नाराज वकीलों ने सोमवार को कोर्ट परिसर चौक पर जाम लगा दिया। साथ ही वकील के परिवार को सुरक्षा देने की मांग की। मामले की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और वकीलों को उचित कार्रवाई का भरोसा देकर जाम खुलवाया।
इससे पहले वकीलों का एक प्रतिनिधिमंडल बार प्रधान लोकेंद्र फौगाट के नेतृत्व में एसपी उदय सिंह मीना से मिला। प्रतिनिधिमंडल में शामिल महिला वकील प्रिया ने एसपी को बताया कि उसके घर पर आरोपी युवक ने सरेआम फायरिंग की। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसके बावजूद पुलिस अभी तक आरोपी युवक साहिल उर्फ भोलू को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। एसपी ने सब्जी मंडी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर देवेंद्र को कार्रवाई के निर्देश दिए।
अचानक अवरोधक लगाकर बंद कर दिया रोड
एसपी से मिलने के बाद महिला वकील कोर्ट परिसर चौक पर पहुंची और अवरोधक लगाकर डीसी आवास की तरफ से आने वाले मार्ग को जाम कर दिया। दूसरी तरफ सड़क के बीचोंबीच स्कूटी व बाइक अड़ा दी। मामले की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। वकीलों ने पुलिस से मांग की कि महिला वकील के परिवार को सुरक्षा दी जाए। आरोपी युवक सरेआम फायरिंग करके गया है। इसके बावजूद अब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं हुआ है।
वर्जन-
वकीलों का एक प्रतिनिधिमंडल एसपी से मिला और महिला वकील के घर पर फायरिंग के आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की। एसपी ने सब्जी मंडी थाना पुलिस को तत्काल कार्रवाई की हिदायत दी।
- लोकेंद्र फौगाट, प्रधान जिला बार एसोसिएशन