रोहतक। रिटौली के हंसराज उर्फ हंसे ठेकेदार की हत्या का खुलासा हो गया है। रोहित की हत्या का बदला लेने के लिए हिमांशु उर्फ भाऊ के कहने पर अंकित उर्फ चुचु, सुनील उर्फ शीले व दौलत ने ठेकेदार को गोली मारी थी। पुलिस ने हत्याकांड की साजिश में शामिल होने के आरोप में रिटौली निवासी नितेश उर्फ सचिव व कबूलुपर निवासी राहुल को गिरफ्तार किया है। शनिवार को उन्हें अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने का प्रयास करेगी।
एएसपी मेधा भूषण ने बताया कि रिटौली निवासी जयसिंह ने सात मार्च को शिकायत दी थी कि उसका भाई हंसराज उर्फ हंसे ठेकेदार बस चलाता था। सुबह साढ़े 6 बजे बस लेकर रोहतक आ रहा था। गांव के अड्डे पर उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने हिमांशु उर्फ भाऊ व अन्य के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच की। शुक्रवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वारदात की साजिश में शामिल होने के आरोप में रिटौली निवासी नितेश उर्फ सचिन व कबूलपुर निवासी राहुल को गिरफ्तार किया है।
...........
शक था कि हंसे ठेकेदार दूसरे गुट को देता है पैसा
पुलिस ने खुलासा किया है कि आरोपी नितेश उर्फ सचिन झज्जर जिले के हसनपुर गांव में किराये के मकान में रहता है। साथ ही वेटनरी साइंस का कोर्स कर रहा है। नितेश उर्फ सचिन व राहुल की गांव के ही युवक साहिल, हिमांशु उर्फ भाउ, अंकित उर्फ चुचु, सुनील उर्फ शीले, दौलत व राहुल निवासी कबुलपुर के साथ दोस्ती है। नितेश ने पुलिस को बताया कि चार मार्च को साहिल ने उसे बताया कि हिमांशु उर्फ भाउ के कहने पर अंकित उर्फ चुचु, सुनील उर्फ शीले व दौलत मिलकर हंसराज उर्फ हंसे की हत्या कर रोहित के मर्डर का बदला लेंगे। इतना ही नहीं, अंकित उर्फ चुचु दो दिन तक नितेश उर्फ सचिन के पास रुका। छह मार्च की सुबह अंकित हथियारों सहित राहुल के पास चला गया। नितेश व राहुल ने सात मार्च को हंसराज उर्फ हंसे की रैकी और अंकित उर्फ चुचु व उसके साथियों को सूचना दी। अंकित उर्फ चुचु अपने साथियों सहित मोटरसाइकिल पर सवार होकर आया और हंसराज उर्फ हंसे की गोली मारकर हत्या करके फरार हो गए।
वर्जन
पुलिस ने रिटौली के हंसराज हत्याकांड में दो युवकों रिटौली निवासी नितेश उर्फ सचिन व कबूलपुर निवासी राहुल को वारदात की साजिश में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया है। खुलासा हुआ है कि रोहित हत्याकांड का बदला लेने के लिए हिमांशु उर्फ भाऊ के कहने पर अंकित उर्फ चुचु, सुनील उर्फ शीले व दौलत ने हंसराज ठेकेदार की हत्या की है। पुलिस लगातार छापे की कार्रवाई कर रही है, जल्द दूसरे आरोपियाें को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- उदय सिंह मीना, पुलिस अधीक्षक रोहतक