रोहतक। पब्लिक हेल्थ के कच्चा बेरी रोड फाटक के पास डिस्पोजल के कार्यालय में बुधवार की रात चाकू चल गए। चाकू लगने से सफाई ठेकेदार पाड़ा मोहल्ला निवासी शंकर घायल हो गया। उसके बयान पर शिवाजी कॉलोनी थाने में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक शंकर ने दी शिकायत में बताया कि सीवर सफाई के ठेके लेता है। बुधवार रात को करीब सवा 12 बजे सीवर ओवरफ्लो हो गए थे। वह अपने साथी सागर के साथ डिस्पोजल पर पहुंचा। वहां कार्यालय में रामलीला पड़ाव निवासी रोहित अपने पांच अन्य साथियों के साथ शराब पी रहा था। जब उसने रोहित से कहा कि सीवर लाइन में पानी ज्यादा है, ऑपरेटर को मोटर चलाने के लिए कह दूं, ताकि दिन में सीवर की सफाई का कार्य कर सकूं। इस बात को लेकर आरोपी उससे कहासुनी करने लगा। झगड़ा बढ़ने पर रोहित चाकू लेकर आया और र्बाईं तरफ छाती में वार किया। आरोपियों में से एक युवक ने उसके हाथ पकड़ लिए, बाकी ने जमकर पीटा। साथ में जान से मारने की धमकी दी। सागर ने उसे पीजीआई में दाखिल करवाया।