महेंद्रगढ़। नपा ने आखिर नौ माह बाद माजरा चुंगी से रेलवे फाटक तक 400 मीटर सड़क की सुध लेकर वीरवार से काम शुरू कर दिया गया। जिम्मेदारों का दावा है कि एक माह के समय में यह निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। वीरवार से प्रथम चरण का काम शुरू कर दिया गया है। बता दें कि अमर उजाला द्वारा 14 मार्च के अंक में सड़क पर फैले रोड़े, लोग हो रहे चोटिल शीर्षक से समाचार प्रकाशित करने के बाद नपा ने संज्ञान लेते हुए निर्माण कार्य शुरू करा दिया। बता दें कि शहर की माजरा चुंगी से रेलवे फाटक तक 400 मीटर सड़क मार्ग के गड्ढों में पिछले नौ माह से लोग परेशान हो रहे थे। 22 दिसंबर को पूर्व शिक्षामंत्री ने नारियल फोड़कर सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया था। तीन माह बीत जाने के बाद भी कार्य शुरू नहीं होने पर सामाजिक संगठनों व दुकानदारों द्वारा 17 फरवरी को सांकेतिक धरने पर बैठकर नपा व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की थी। नपा के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर एक सप्ताह का समय देकर सड़क निर्माण कार्य को पूरा करवाने का आश्वासन देकर धरना समाप्त करवाया दिया गया था।
एक सप्ताह में काम शुरू कराने का हुआ था दावा, लेकिन एक माह बाद ली सुध
इस मार्ग के निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों एवं 100 से अधिक दुकानदारों द्वारा सीएम विंडो से लेकर अधिकारियों तक गुहार के लगाई थी। दो बार जेसीबी के माध्यम से रोड को उखाड़ा गया। दुकानदारों ने कहा कि यह पहले सही था अब तो लोगों को बुरा हाल हो रहा है। करीब डेढ़ वर्ष में इस 400 मीटर सड़क मार्ग के निर्माण के लिए दो बार टेंडर, दो बार खोदाई एवं पूर्व शिक्षामंत्री द्वारा नारियल फोड़कर उद्घाटन किया गया था। 1.33 करोड़ रुपये का बजट तैयार कर नगरपालिका द्वारा लोक निर्माण विभाग से इसकी एनओसी भी ली गई थी। आरसीसी बेस पर बनने वाले इस मार्ग पर 1.33 करोड़ रुपये की राशि खर्च करने की योजना भी बनी थी, लेकिन अब यह योजना धरातल पर नहीं उतर पा रही है। दुकानों में धूल जाने से व्यापारियों का सामान खराब हो रहा है।
नपा द्वारा वीरवार से सड़क निर्माण का कार्य शुरू करा दिया गया है। ठेकेदार को एक माह के समय में निर्माण पूरा करने के आदेश दिए गए हैं। उम्मीद है कि एक माह के समय में लोगों को राहत मिलेगी। प्रथम चरण में एक तरफ से आरसीसी बेस पर कंक्रीट डाला जाएगा। इसके बाद द्वितीय एवं तृतीय चरण में कंक्रीट की दो परतें चढ़ाई जाएगी। निर्माण में गुणवत्ता युक्त सामग्री का प्रयोग किया जाएगा। साथ ही शहर के मसानी चौक से 11 हट्टा बाजार होते हुए कालेज मोड़, बालाजी चौक से नागरिक अस्पताल, बालाजी चौक से आंबेडकर चौक, सहित शहर के अन्य सड़कों पर पेंचवर्क के टेंडर छोड़कर शुरूआत कराई जाएगी।
रमेश सैनी, नपा प्रधान महेंद्रगढ़