एक रात में चार मेडिकल स्टोर के ताले तोड़े जाने से परेशान रोहतक जिला केमिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारी बुधवार को एसपी राहुल शर्मा व डीएसपी गोरखपाल राणा से मिले। प्रधान महेंद्र चावला ने कहा कि उन्होंने पुलिस प्रशासन को कार्रवाई के लिए 48 घंटे का समय दिया है। अगर चोर नहीं पकड़े गए तो वे दुकानें बंद कर देंगे। साथ ही पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर से मुलाकात करेंगे। एसपी ने कहा कि पुलिस चोरों को पकड़ने के लिए पूरा प्रयास कर रही है। जल्द कामयाबी मिलेगी।
प्रधान महेंद्र सिंह उर्फ रुबी चावला ने बताया कि सोमवार की रात को चोर छोटूराम चौक व काठमंडी में चार दवा की दुकानों के ताले तोड़कर लाखों रुपये की नकदी ले गए। सीसीटीवी में नजर आ रहे चोर कार में सवार होकर आए और वारदात को अंजाम दिया। वारदात से मेडिकल स्टोर संचालकों में रोष है। एसपी से मिलने वालों में प्रधान के अलावा उप प्रधान धीरज सुनेजा, संयुक्त सचिव अमित ढल, सह सचिव विजय वर्मा, कोषाध्यक्ष विमल बठला, काठमंडी निवासी प्रेम तायल, दलीप सिंह गोदारा, चंद्र कथूरिया व अन्य मेडिकल स्टोर संचालक भी शामिल रहे।
जल्द मिलेगी कामयाबी
पुलिस की संयुक्त टीम लगातार चोरों को तलाश करने का प्रयास कर रही है। सीसीटीवी फुटेज का अध्ययन किया जा रहा है। उम्मीद है जल्द कामयाबी मिलेगी।
- गोरखपाल राणा, डीएसपी, मुख्यालय
पूर्व मंत्री ग्रोवर से मिलेंगे
पुलिस प्रशासन 48 घंटे के अंदर चोरों को पकड़े और गश्त बढ़ाए। नहीं तो मेडिकल स्टोर संचालक पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर से मिलेंगे। इसके बाद भी चोर नहीं पकड़े गए तो दुकानें बंद रखकर अपना विरोध जताएंगे।
- महेंद्र सिंह उर्फ रुबी चावला, प्रधान, रोहतक जिला केमिस्ट एसोसिएशन