हरियाणवी फिल्म ‘सेफ हाउस’ रिलीज होने से रोका जाए। साथ ही न्यायपालिका के आपत्तिजनक दृश्य फिल्माने पर फिल्म निर्माताओं व कलाकारों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके लिए रोहतक के वकील दिग्विजय जागड़ ने लिखित शिकायत शिवाजी कॉलोनी थाने में दी है। साथ ही पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने की स्थिति में बुधवार को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर करने का निर्णय लिया है।
प्रीत विहार निवासी एवं जिला बार के वकील दिग्विजय जाखड़ ने बताया कि 3 दिसंबर को हरियाणवी फिल्म रिलीज होनी है। इससे पहले एप के माध्यम से फिल्म का ट्रेलर दिखाया जा रहा है। फिल्म के अंदर न्याय प्रणाली पर आपत्तिजनक दृश्य फिल्माये गए हैं। जज व वकील पर गलत टिप्पणियां की गई हैं, जिससे समाज में न्यायपालिका की छवि धूमिल होगी। इसके चलते फिल्म निर्माताओं व कलाकार को कानूनी नोटिस भेजकर दृश्य हटाने की मांग की थी, लेकिन अभी तक कोई जवाब नहीं आया। इसके चलते लिखित में शिवाजी कालोनी थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
कार्रवाई करे पुलिस, नहीं तो आज हाईकोर्ट में लगाऊंगा याचिका
वकील का कहना है कि पुलिस से आपत्तिजनक दृश्य हटाने की मांग की है। कार्रवाई न होने पर वे पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में बुधवार को याचिका दायर करेंगे। इसके लिए वकील सुरेंद्र कुमार को पूरे कागजात सौंप दिए हैं।