गुरुग्राम में नामांकन रावइंद्रजीत सिंह तथा साथ में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी।
- फोटो : अमर उजाला
लोकसभा चुनाव के छठे चरण के लिए सोमवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। पहले प्रदेश में चार लोकसभा क्षेत्रों में सात प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए। इनमें गुरुग्राम लोकसभा क्षेत्र से दो, सोनीपत लोकसभा क्षेत्र से तीन, सिरसा और भिवानी-महेंद्रगढ़ सीट से एक-एक प्रत्याशी है।
भाजपा प्रत्याशी राव इंद्रजीत सिंह ने गुरुग्राम लोकसभा सीट के लिए सोमवार को नामांकन दाखिल कर दिया। राव इंद्रजीत के साथ मुख्यमंत्री नायब सैनी के अलावा बेटी आरती राव और पूर्व विधायक जाकिर हुसैन भी मौजूद रहे। यहां से दूसरा नामांकन फौजी जय कवर त्यागी (दीक्षित) ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप पर पर्चा दाखिल किया है।
भिवानी-महेंद्रगढ़ सीट से सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया (कम्युनिस्ट) के रोहताश सैनी ने नारनौल के लघु सचिवालय में नामांकन दाखिल किया। सोनीपत लोकसभा क्षेत्र में पहले दिन तीन उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। इनमें गढ़ी ब्राह्मणान निवासी दीक्षित खत्री ने आजाद उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दर्ज करवाया है।
इसके अलावा अशोक विहार सोनीपत निवासी बलबीर ने सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया (कम्युनिस्ट) पार्टी के उम्मीदवार के तौर नामांकन दाखिल किया। तीसरे उम्मीदवार सरस्वती विहार सोनीपत निवासी राकेश धारीवाल ने राष्ट्रीय जातिगत आरक्षण विरोधी पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दाखिल करवाया है। सिरसा लोकसभा क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर फतेहाबाद के रतिया हलके के गांव फुलां निवासी सुरेंद्र कुमार ने नामांकन पत्र भरा।